गाजियाबाद : हिंडन एयरपोर्ट पर विमानों की पार्किंग (एप्रन) की बाधा जल्द दूर होने वाली है। मिनिस्ट्री ऑफ डिफेंस और हिंडन एयरपोर्ट अथॉरिटी के साथ हिंडन एयरफोर्स की तरफ से सहमति मिलने के बाद चार अतिरिक्त विमानों की पार्किंग बनने का रास्ता साफ हो गया है।
इससे फ्लाइट की संख्या बढ़ेगी तो यात्रियों को भी सहूलियत मिलेगी। अभी एक साथ 20 विमानों का संचालन हो सकता है। इसके साथ ही 2027 में डिजी यात्री ऐप की भी सुविधा मिलेगी। इसकी मदद से चेहरा स्कैन कर यात्री टर्मिनल के अंदर प्रवेश करेंगे। इससे वेटिंग टाइम कम होगा। फिलहाल हिंडन सिविल एयरपोर्ट से आठ शहरों के लिए विमानों का संचालन होता है। समय के साथ इसकी संख्या घटती गई है।
ज्यादा शहरों को कनेक्ट करने पर जोर
अब दोबारा से सर्विस देने की कवायद के तहत एप्रन बनाने की कवायद की जा रही है, ताकि ज्यादा से ज्यादा शहरों को कनेक्ट किया जा सके। जमीन अधिग्रहण और टर्मिनल विस्तार को लेकर प्रस्तुतिकरण मंगलवार को एयरपोर्ट डायरेक्टर की ओर से संबंधित अधिकारियों को दिया जाएगा। यह जानकारी हिंडन एयरपोर्ट के निदेशक डॉ. चिलका महेश की तरफ से आयोजित प्रेस वार्ता में दी गई।
770 स्क्वायर मीटर जगह बढ़ेगी
टर्मिनल के अदर 770 स्क्वायर मीटर जगह बढ़ने से डिपार्चर गेट, सिक्युरिटी स्कैनिग और लगेज एक्स रे मशीन की संख्या में भी इजाफा किया जाएगा। एयरपोर्ट से इंडिगो और स्टार एयर आठ शहरों के लिए उड़ान संचालित कर रही है।
गुलाब देकर करेंगे स्वागत
15 जून को यात्री सुविधा दिवस पर यात्रियों को गुलाब देकर स्वागत किया जाएगा। वॉच आवर के कारण फ्लाइट के संचालन में दिक्कत होती है। इसके अलावा स्टाफ की कमी भी बड़ी समस्या है। एयरपोर्ट अथॉरिटी से स्टाफ की मांग की गई है।
डीजी यात्री ऐप का भेजा गया प्रस्ताव
एयरपोर्ट निदेशक ने बताया कि साल 2027 तक डिजी यात्री ऐप का लॉन्च किया जाएगा। इसकी मदद से चेहरा स्कैन कर यात्री टर्मिनल के अंदर प्रवेश करेंगे। ऐप के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है।

