हेमंत वर्मा संवाददाता राजनांदगांव : दल्ली राजहरा। हिंदू सेना संगठन के विस्तार एवं मजबूती को लेकर शिव संस्कार धाम मंदिर परिसर में जिला अध्यक्ष श्रीमती नंदा पसीने के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, नई इकाइयों के गठन तथा विभिन्न पदों पर नियुक्तियों को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर में मातृशक्ति एवं युवाओं के लिए अलग-अलग संगठनात्मक इकाइयों का गठन किया जाएगा, जिससे समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। इसके अंतर्गत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, संगठन सचिव, मीडिया प्रभारी सहित अन्य महत्वपूर्ण दायित्वों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
जिला अध्यक्ष श्रीमती नंदा पसीने ने कहा कि संगठन को अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने के लिए व्यापक स्तर पर विस्तार अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से संगठन की विचारधारा और सामाजिक गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में उपस्थित महिलाओं ने संगठन के विस्तार एवं सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में विभिन्न पदों पर नियुक्तियों की घोषणा कर संगठन के विस्तार की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा।

