आम आदमी पार्टी के नेता संजीव अरोड़ा से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने पंजाब, उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में 6 ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई PMLA के तहत चल रही जांच का हिस्सा है।
आप नेता संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के नेता संजीव अरोड़ा के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने मंगलवार सुबह अरोड़ा के दिल्ली, यूपी, पंजाब समेत 6 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत चल रही जांच के सिलसिले में की जा रही है।
प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने मंगलवार सुबह पंजाब के लुधियान और जालंधर, उत्तर प्रदेश के बरेली, दिल्ली-नोएला में कुल 6 जगहों पर छापेमारी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जांच एजेंसी जिन परिसरों की तलाशी ले रही है, उनमें मामले से जुड़े व्यक्तियों और संस्थाओं के आवास तथा व्यावसायिक कार्यालय शामिल हैं।
हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड से जुड़ा है मामला
जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड से जुड़े कथित वित्तीय लेन-देन और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच का हिस्सा है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भी ईडी की टीम दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कर रही है। फिलहाल ईडी की ओर से छापेमारी को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
हिंदू व्यापारियों के यहां छापेमारी: अरविंद केजरीवाल
ईडी की छापेमारी को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, ‘ईडी आज पंजाब में हिंदू व्यापारियों के यहां फिर से छापेमारी कर रही है। प्रवर्तन निदेशालय पंजाब में छोटे हिंदू व्यापारियों को परेशान कर रही है। मैं सभी व्यापारियों से अपील करता हूं – घबराने की कोई जरूरत नहीं है, पूरा पंजाब और पंजाब सरकार आपके साथ है, हम सब मिलकर ED का सामना करेंगे।’
बता दें संजीव अरोड़ा को पिछले महीने चंडीगढ़ स्थित उनके आधिकारिक आवास पर दिनभर की छापेमारी के बाद केंद्रीय एजेंसी ने गिरफ्तार किया था। वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। अरोड़ा पंजाब में विद्युत, उद्योग और वाणिज्य मंत्री थे। अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने उनके विभागों को अन्य मंत्रियों को आवंटित कर दिया था।

