दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने शास्त्री पार्क में मुठभेड़ के बाद वॉन्टेड बदमाश आमिर उर्फ टिल्लन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर डबल मर्डर सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कल रात शास्त्री पार्क इलाके से डबल मर्डर के मामले में वॉन्टेड बदमाश को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी आमीर उर्फ सलीम उर्फ टिल्लन (34) है, जो पैर में गोली लगने से घायल हुआ है। आरोपी गैंगस्टर हाशिम बाबा के गैंग से है, जिस पर उत्तर-पूर्वी दिल्ली के कई और शाहदरा के दो थानों में 15 केस दर्ज हैं। इसमें एक डबल मर्डर का भी केस था, जिसमें वह करीब पौने दो साल से फरार चल रहा था।
मुठभेड़ में दबोचा गया आरोपी
पुलिस अधिकारी ने बताया कि क्राइम ब्रांच की एंटी रॉबरी स्नैचिंग सेल टीम को कल रात सूचना मिली थी कि फर्श बाजार में 31 अक्टूबर 2024 (दिवाली की रात) हुई चाचा-भतीजे की हत्या के मामले में वॉन्टेड टिल्लन शास्त्री पार्क के मेट्रो डिपो के पास आएगा।
सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर मान सिंह के सुपरविजन में इंस्पेक्टर सुंदर गौतम, एसआई मनीष भारत सिंह, एएसआई नरेश, हेड कॉन्स्टेबल रामजस, मनोज, रविश, कपिल, सुमित यादव, कॉन्स्टेबल सोनू, फैजान, दीपक और महिला कॉन्स्टेबल इंदू की टीम को रेड के लिए भेजा गया।
टीम ने मौके पर जाल बिछाया। रात करीब 10:48 बजे आरोपी वहां आया तो उसे जांच के लिए रोका गया, लेकिन आरोपी ने खुद को घिरा देखकर अपनी पिस्टल निकाली और पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं।
गनीमत रही कि गोली किसी को लगी नहीं। हेड कॉन्स्टेबल मनोज ने आत्मरक्षा में गोली चलाई।
गोली टिल्लन के बाएं पैर में लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।
आरोपी के पास से .32 बोर की एक पिस्टल, चार जिंदा और चार खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। खबर लिखे जाने तक पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही थी।
क्या हुआ था दिवाली की रात
बता दें कि साल 2024 की दिवाली वाली रात फर्श बाजार इलाके में आकाश शर्मा उर्फ छोटू, अपने भतीजे रिषभ शर्मा के साथ घर के बाहर पटाखे फोड़ रहे थे।
उसी दौरान छोटू के दूर का रिश्तेदार (नाबालिग) स्कूटी से उनके पास पहुंचा। उसने छोटू के पैर छुए और फिर मुख्य शूटर अनिल उर्फ मटका को इशारा कर छोटू पर गोलियां चलवा दीं।
रिषभ ने मटका को पकड़ने की कोशिश की तो आरोपी ने उसे भी करीब से गोली मार दी। यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी में भी कैद हुई थी।
यही नहीं इस दौरान थोड़ी दूर पर भी वहां एक दूसरा शूटर भी मौजूद था, जो फुटेज में नहीं आया। वो शूटर टिल्लन था।
जहां छोटू के नाबालिग बेटे को गोली मारी गई थी, वह वहीं पर मौजूद था।
मटका को दिसंबर 2024 में ही यूपी एस्टीएफ और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल टीम ने जॉइंट एनकाउंटर में ढेर कर दिया था, लेकिन टिल्लन तब से फरार चल रहा था।

