बोडेली। छोटाउदेपुर लोकल क्राइम ब्रांच (एलसीबी) ने बोडेली थाना क्षेत्र से चोरी हुई स्कॉर्पियो कार बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब ₹9.50 लाख कीमत की स्कॉर्पियो जब्त की है। एलसीबी टीम को मिली सूचना के आधार पर अलीराजपुर-वडोदरा हाईवे पर वाहन की घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर स्कॉर्पियो चालक भागने लगा, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इस दौरान चालक फरार हो गया, जबकि कार में सवार एक युवक को पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुशीलभाई मनजीभाई तोमर (19), निवासी अलीराजपुर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर बोडेली के पीठा गांव के पास से रात के समय स्कॉर्पियो चोरी की थी। पुलिस ने चोरी की स्कॉर्पियो बरामद कर ली है, जबकि कमलेश चौहान, उमेश और करमसिंह चौहान को वांटेड घोषित कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।

