भोपाल की ट्विषा शर्मा मौत मामला: “मेरा जीवन नर्क बन गया है, ममी…” मौत से पहले की वाट्सएप और इंस्टाग्राम चैट ने खोला प्रताड़ना का खौफनाक राज!
ससुराल वालों को बताया ‘घिनौना’, पति समर्थ करता था चरित्र हनन और गर्भपात को लेकर घिनौने सवाल | मायके से पैसे लाने का बनाया जा रहा था दबाव, दोस्त से कहा था- “शादी करके फंस गई हूं।”
भोपाल/महानगर संवाददाता : भोपाल की ट्विषा शर्मा के संदिग्ध निधन के मामले में एक ऐसा सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मोड़ आया है, जिसने समाज और रिश्तों को कटघरे में खड़ा कर दिया है। मौत से पहले ट्विषा ने ससुराल में जो असहनीय यातनाएं और दर्द सहा था, उसकी पूरी हकीकत अब सामने आ गई है। ट्विषा के मोबाइल से मिली वाट्सएप और इंस्टाग्राम चैट्स ने उसके दुख और मानसिक-शारीरिक शोषण की एक ऐसी खौफनाक दास्तान बयां की है, जिसे पढ़कर किसी की भी रूह कांप जाए। अपने आखिरी दिनों में ट्विषा लगातार अपने भाई, मां और एक करीबी दोस्त को मैसेज कर मदद की गुहार लगा रही थी।
मुझे यहां से ले जाओ, ये मुझे जीने नहीं देंगे
सामने आई मोबाइल चैट्स के मुताबिक, मृतका ट्विषा शर्मा पर कई दिनों तक गंभीर मानसिक और शारीरिक जुल्म ढाए गए। निधन से पांच दिन पहले उसने अपनी मां को एक मैसेज भेजा था, जिसमें उसने अपने ससुराल वालों को “घिनौना” बताया था।
30 अप्रैल का दर्दनाक संदेश: ट्विषा ने अपनी मां को लिखा था, “ममी, मेरा जीवन जीता-जागता नर्क बन गया है।
7 मई की अंतिम गुहार: मौत के ठीक पहले उसने फिर मां को मैसेज किया, “मुझे प्लीज यहां से ले जाओ, ये लोग मुझे जिंदा नहीं रहने देंगे।
चरित्र पर शक और घिनौने आरोप
चैट्स से यह भी साफ हुआ है कि ट्विषा का पति समर्थ उस पर लगातार झूठे शक करता था और उसकी चारित्रिक हत्या (Character Assassination) कर रहा था। ट्विषा ने अपनी मां को चैटिंग में बताया था:
समर्थ मुझसे पूछ रहा है कि मैंने किसका बच्चा एबॉर्शन (गर्भपात) कराया है? ममी, मैं अब यह सब और बर्दाश्त नहीं कर सकती। प्लीज मुझे यहां से ले जाओ। अम्मा (सास) भी यह मानने से इनकार कर रही हैं कि समर्थ ने वास्तव में ऐसा कुछ कहा है।”
दहेज का दंश : मायके से पैसे लाने का दबाव
इस प्रताड़ना के पीछे केवल शक नहीं, बल्कि पैसों की भूख भी थी। ससुराल पक्ष द्वारा ट्विषा पर लगातार मायके से पैसे लाने का दबाव बनाया जा रहा था, जिसके चलते वह मजबूरन अपने पिता से बार-बार पैसे मांग रही थी। अपनी एक सहेली के साथ हुई बातचीत में उसने अपनी बेबसी जाहिर करते हुए साफ-साफ लिखा था कि वह “शादी करके बुरी तरह फंस गई है।”

