Homeक्राइमUPSC में असफलता, KBC में नहीं मिली कामयाबी, कारोबार में नुकसान के...

UPSC में असफलता, KBC में नहीं मिली कामयाबी, कारोबार में नुकसान के बाद ज्वेलरी चोरी करने लगा शख्स; हुआ अरेस्ट

मुंबई पुलिस ने एक शख्स को चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी कारोबार में नुकसान के चलते चोरी करने लगा था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

मुंबई में कांदिवली पुलिस ने करीब 5 लाख रुपये की सोने की चेन चोरी करने के आरोप में 42 वर्षीय सतीश कुमार कृष्ण प्रसाद केसरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, बिहार का रहने वाला आरोपी कंप्यूटर साइंस से ग्रेजुएट है और कौन बनेगा करोड़पति (KBC) के सीजन 8 में भी हिस्सा ले चुका है। UPSC परीक्षा में असफलता, KBC में हॉट सीट तक नहीं पहुंच पाने और कारोबार में भारी नुकसान के बाद वह कर्ज में डूब गया था। आरोप है कि कर्ज चुकाने के लिए उसने ज्वेलरी दुकानों में चोरी शुरू कर दी।

UPSC और KBC में भी मिली नाकामी

आरोपी काम की तलाश में बिहार से दिल्ली आया था। यहां उसने पार्ट टाइम काम के साथ UPSC की तैयारी की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद KBC में भी किस्मत आजमाई। वह अंतिम एपिसोड के लिए चुने गए 10 प्रतियोगियों में शामिल हुआ, लेकिन फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट राउंड से आगे नहीं बढ़ सका।

कारोबारी में हुआ भारी नुकसान

इसके बाद उसने पत्नी के साथ टूर एंड ट्रैवल का कारोबार शुरू किया। कर्ज लेकर चार से पांच गाड़ियां खरीदीं और उन्हें ओला-उबर पर चलाया, लेकिन कारोबार में नुकसान होने से वह कर्ज के बोझ तले दब गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ग्राहक बनकर पहले ज्वेलरी दुकानों की रेकी करता था। वह दुकानदारों से आभूषण दिखाने को कहता और उन्हें देखने के बहाने लेकर फरार हो जाता था।

15 नवंबर 2025 को उसने कांदिवली पश्चिम के मथुरादास रोड स्थित पद्मावती ज्वेलर्स से 43.2 ग्राम सोने की चेन चुराई थी, जिसकी कीमत करीब 5 लाख रुपये थी। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने उसे दिल्ली के उत्तम नगर से 28 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया। पुलिस ने चोरी की चेन बरामद कर ली है।

फर्जी आधार कार्ड और बंद मोबाइल नंबर से पुलिस को गुमराह किया

जांच में मुंबई पुलिस को कई मुश्किलें आईं क्योंकि आरोपी ने जिस डॉर्मिटरी में ठहरने के दौरान अपनी जानकारी दी थी, वहां पर फर्जी आधार कार्ड की जानकारी दी थी। उसने जो मोबाइल नंबर दिया था, वह भी बंद था। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज की विस्तृत जांच और तकनीकी पड़ताल के जरिए कांदिवली पुलिस आरोपी से जुड़े एक मोबाइल नंबर तक पहुंच गई।

इसके बाद पुलिस की एक टीम दिल्ली के उत्तम नगर पहुंची और 28 अक्टूबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी की गई सोने की चेन भी बरामद कर ली। जांच में शामिल एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की बात कबूल की और दिंडोशी पुलिस स्टेशन की सीमा में हुई इसी तरह की एक अन्य वारदात में भी अपनी संलिप्तता बताई। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की आगे की जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments