महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में दिनदहाड़े दोस्ती की खूनी रंजिश का मामला सामने आया है। जिम से लौट रहे 36 वर्षीय युवक को एक कार ने टक्कर मारकर गिरा दिया और फिर लोहे की रॉड से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी ने खुद थाने जाकर सरेंडर कर दिया।
छत्रपति संभाजीनगर: दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात में दोस्त ने ही अपने दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी। जिम से लौट रहे युवक का पहले कार से पीछा किया गया, फिर उसे टक्कर मारकर गिराया गया और इसके बाद लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार कर उसकी जान ले ली गई। इस खौफनाक वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद गाड़ी चलाकर सिडको पुलिस थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया। पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
जिम से लौटकर आ रहे युवक पर हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 36 वर्षीय देवेश उर्फ बंटी दीक्षित के रूप में हुई है। देवेश गुरुवार को जिम से सेशन पूरा कर अपने घर लौट रहा था। तभी वांखड़ेनगर का रहने वाला पवन पराशर (22) कार से उसका पीछा करने लगा। सिडको के एन-7 इलाके में मंगेश गैस एजेंसी के पास यह खूनी खेल अंजाम तक पहुंचा।
कार से टक्कर और रॉड से ताबड़तोड़ वार
पुलिस ने बताया कि आरोपी पवन ने पीछे से देवेश के दो-पहिया वाहन को जोरदार टक्कर मारी, जिससे वह दूर जा गिरा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो-पहिया वाहन करीब 150 फीट दूर जाकर गिरा। इसके बाद आरोपी ने कार का यू-टर्न लिया और घायल युवक के पास वापस आया।
घटना के संबंध में सिडको इंस्पेक्टर अतुल ने बताया, ‘टक्कर के बाद आरोपी ने यू-टर्न लिया, घायल व्यक्ति के पास वापस आया, कार से उतरा और डंडे तथा लोहे की रॉड से उसके सिर पर बार-बार हमला किया।’ इस हमले में देवेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दोस्ती में दुश्मनी बनी हत्या की वजह
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही जोन-II के डीसीपी रत्नाकर नवाले समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। आरोपी पवन पराशर ने खुद सिडको थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। डीसीपी नवाले के मुताबिक, आरोपी ने सरेंडर करने के बाद पुलिस को बताया कि वह और मृतक दोनों अलग-अलग बार में बाउंसर के रूप में काम करते थे। उनकी दोस्ती में आई खटास और आपसी रंजिश इस खौफनाक वारदात की वजह बनी। फिलहाल पुलिस आरोपी की बात की सत्यता की जांच कर रही है और हत्या के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटी है।

