Homeभारतमध्यप्रदेशघर के बगीचे में घुसा तेंदुआ, सिर पर दिखे चोट और खून...

घर के बगीचे में घुसा तेंदुआ, सिर पर दिखे चोट और खून के निशान… सुबह-सुबह सहम गए लोग

इंदौर में क्रिसेंट वॉटर पार्क के पास घर में घुसा घायल तेंदुआ. वीडियो हुआ वायरल. वन विभाग की टीम कर रही तलाश. पढ़ें पूरी रिपोर्ट.

मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है. शहर के देवगुराड़िया इलाके में क्रिसेंट वॉटर पार्क के पास स्थित एक रिहायशी मकान के बगीचे में अचानक एक तेंदुआ घुस आया. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और लोगों में भारी दहशत का माहौल है. गनीमत यह रही कि इस दौरान किसी भी व्यक्ति या पालतू पशु के हताहत होने की कोई सूचना नहीं मिली है. सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई और तेंदुए की तलाश में सर्चिंग अभियान शुरू कर दिया है.

क्रिसेंट वॉटर पार्क के सामने स्थित एक घर के बगीचे में तेंदुए को बैठा हुआ देखा गया. मकान मालिक ने जब अपनी आंखों से जंगली जानवर को देखा, तो उसने अपनी सूझबूझ का परिचय देते हुए मोबाइल से इसका वीडियो बना लिया.

यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि तेंदुआ घर के बगीचे में बैठा है और कुछ देर बाद वह दूसरी ओर भागता हुआ दिखाई दे रहा है.

मामले की गंभीरता को देखते हुए इंदौर के डीएफओ लाल सुधाकर सिंह ने स्थिति साफ की है. उन्होंने बताया कि सुबह करीब 9:15 बजे विभाग को इस घटना की सूचना मिली थी, जिसके तुरंत बाद फॉरेस्ट रेस्क्यू टीम को मौके पर रवाना कर दिया गया.

डीएफओ के मुताबिक, टीम ने बताए गए पते और उसके आसपास के इलाके में सघन सर्चिंग की, लेकिन वीडियो के अलावा तेंदुए की मौजूदगी के अन्य प्रत्यक्ष प्रमाण या पदचिह्न अभी तक नहीं मिले हैं.

घटनास्थल के आसपास घनी झाड़ियां और पेड़-पौधे हैं. इसके अलावा, यहां से मात्र डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर इंदौर वन परिक्षेत्र की रणभंवर बीट स्थित है, जिससे यह संभावना जताई जा रही है कि तेंदुआ वहीं से भटककर रिहायशी इलाके में आ गया होगा.

वन विभाग का कहना है कि तेंदुए के घायल होने की वास्तविक स्थिति उसके पकड़े जाने या प्रत्यक्ष निरीक्षण के बाद ही साफ हो सकेगी. यदि उसके घायल होने की पुष्टि होती है, तो उसका इलाज करवाकर सुरक्षित रेस्क्यू किया जाएगा.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments