मुंबई के गोरेगांव में 18 महीने की बच्ची की मौत के मामले में डिंडोशी पुलिस ने उसकी 10 साल की पड़ोसी के खिलाफ हत्या की FIR दर्ज की है। मां ने CCTV फुटेज के आधार पर बच्ची को सीढ़ियों से धकेलने का आरोप लगाया है।
मुंबई: गोरेगांव में 18 महीने की बच्ची की मौत के मामले में डिंडोशी पुलिस ने उसकी 10 साल की पड़ोसी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। घटना के चार दिन बाद रविवार को बच्ची की मां की शिकायत के आधार पर यह FIR दर्ज की गई। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाली 10 साल की बच्ची ने मासूम को इशारा करके अपने पास बुलाया और फिर छठी मंजिल से सीढ़ियों के नीचे धकेल दिया।
14 अक्टूबर को दिया वारदात को अंजाम
यह घटना 14 अक्टूबर को गोरेगांव की एक बिल्डिंग में हुई थी। 18 महीने की बच्ची छठी मंजिल पर अपने घर के बाहर गलियारे में एक बिल्ली के साथ खेल रही थी। कुछ देर बाद जब मां को बच्ची दिखाई नहीं दी तो उन्होंने उसे तलाशने के लिए अपने 12 साल के बेटे को भेजा। तलाश के दौरान बेटे ने बच्ची को सीढ़ियों के नीचे पड़ा हुआ देखा। इमारत में रहने वाले लोग तुरंत उसे एक सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
CCTV फुटेज के आधार पर मां ने लगाए आरोप
बच्ची की मां ने अपने बयान में बताया कि पुलिस ने CCTV फुटेज की जांच की थी। उनके अनुसार, फुटेज में 10 साल की पड़ोसी बच्ची को उनकी बेटी को इशारा करके लिफ्ट की तरफ बुलाते हुए देखा गया। मां ने आरोप लगाया कि इसके बाद पड़ोसी बच्ची ने उनकी बेटी को उठाया, सीढ़ियों से नीचे फेंक दिया और वहां से भाग गई। मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
बच्ची के काउंसलिंग के दिए निर्देश
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने 10 साल की बच्ची को किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया था। बोर्ड ने बच्ची की काउंसलिंग कराने का निर्देश दिया और इसके लिए एक गैर-सरकारी संगठन (NGO) को नियुक्त किया। इसके बाद बच्ची को उसके माता-पिता की देखरेख में छोड़ दिया गया। सूत्रों के मुताबिक, घटना के बाद बच्ची का परिवार हाउसिंग सोसाइटी छोड़कर अपने रिश्तेदारों के साथ रहने चला गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

