खरगोन जिले के भीकनगांव थाना क्षेत्र के रामपुरा गांव में बीजेपी सेवरी धाम मंडल के सोशल मीडिया प्रभारी साहेबराम चौहान की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी सुभाष का अपने पिता से विवाद चल रहा था, जिसे साहेबराम ने समझाया था। इसी खुन्नस में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
खरगोन: जिले के भीकनगांव थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुरा में बीजेपी सेवरी धाम मंडल के सोशल मीडिया प्रभारी साहेबराम चौहान की निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को धर दबोचा है और उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल रक्तरंजित चाकू भी जब्त कर लिया है।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया था, जिसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने थाने का घेराव कर प्रदर्शन भी किया। पुलिस के मुताबिक, इस पूरी घटना के पीछे पुरानी रंजिश और पारिवारिक विवाद मुख्य वजह रहा है।
क्या थी पूरी रंजिश?
पुलिस अधीक्षक रवीन्द्र वर्मा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मुख्य आरोपी सुभाष नायक का अपने पिता से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपी अक्सर गांव आकर अपने पिता के साथ मारपीट और झगड़ा करता था। कुछ समय पहले साहेबराम चौहान ने सुभाष को उसके पिता से लड़ाई-झगड़ा न करने की समझाइश दी थी।
इसके बाद पिता ने सुभाष के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज करवा दिया था। आरोपी सुभाष इस बात का पूरा ठीकरा साहेबराम पर फोड़ता था और तभी से उनसे गहरी खुन्नस मान रहा था। इसी रंजिश को पूरा करने के लिए उसने खूनी साजिश रची।
मोटरसाइकिल पर ले जाकर सीने में घोंपा चाकू
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, 19 अक्टूबर को आरोपी सुभाष अपने साथी महेश उर्फ मोहन नायक के साथ इंदौर से रामपुरा पहुंचा। दोनों ने बातचीत करने के बहाने साहेबराम को घर से बुलाया और मोटरसाइकिल पर बैठाकर मुख्य सड़क से बोरूठ रोड की ओर ले गए।
वहां समझाने की बात को लेकर फिर से विवाद हुआ, जिसके बाद दोनों ने मिलकर साहेबराम के सीने पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी साहेबराम के शव को मोटरसाइकिल पर लादकर सनावद-भीकनगांव मुख्य मार्ग पर रामपुरा में एक दुकान के सामने फेंककर फरार हो गए थे।
24 घंटे में पकड़े गए आरोपी, थाने के बाहर हुआ हंगामा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कई टीमों का गठन किया गया। पुलिस लगातार आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दे रही थी। आखिरकार दोनों आरोपियों को कसरावद थाना क्षेत्र के ग्राम बाड़ी से पुलिस ने अपनी अभिरक्षा में ले लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
उधर, हत्या की खबर फैलते ही रामपुरा और भीकनगांव क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों, ग्रामीणों और बीजेपी कार्यकर्ताओं ने भीकनगांव थाने का घेराव कर जोरदार चक्काजाम किया और आरोपियों को उनके हवाले करने की मांग पर अड़ गए। स्थिति को नियंत्रित करने और बाजार बंद कराने के दौरान उपजे विवाद को देखते हुए गोगावां और झिरनिया थानों से अतिरिक्त पुलिस बल मंगाना पड़ा। फिलहाल पुलिस ने स्थिति पर पूरी तरह काबू पा लिया है और इलाके में कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

