लखनऊ-प्रयागराज मार्ग पर निगोहां-बछरावां टोल प्लाजा के पास ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदा एक लोडर डिवाइडर से टकराकर पलट गया. हादसे के बाद सिलेंडरों से गैस लीक होने लगी, जिससे वहां से गुजर रहे वाहनों में सवार लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई.
उत्तर प्रदेश के लखनऊ-प्रयागराज मार्ग पर निगोहां-बछरावां टोल प्लाजा के पास ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदा एक लोडर डिवाइडर से टकराकर पलट गया. हादसे के बाद सिलेंडरों से ऑक्सीजन लीक होने लगी, जिससे टोल प्लाजा से गुजर रहे वाहनों में सवार लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
जानकारी के मुताबिक लोडर लखनऊ की तरफ से आ रहा था. इसी दौरान निगोहां-बछरावां टोल प्लाजा के पास वाहन डिवाइडर से टकरा गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदा लोडर सड़क पर पलट गया. इसके बाद सिलेंडरों से गैस का रिसाव होने लगा. अचानक हुई इस घटना से मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई. टोल प्लाजा से गुजर रहे वाहन चालकों और उनमें सवार लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
15 अक्टूबर का बताया जा रहा है..
इस घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो बना लिया. अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो के बारे में बताया जा रहा है कि यह 15 अक्टूबर का है. हालांकि, घटना के दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
राहत की बात यह रही कि ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे वाहन के पलटने और गैस लीक होने के बावजूद इस घटना में किसी की जान नहीं गई. टोल प्लाजा प्रबंधन की तरफ से भी इस मामले में कोई विधिक कार्रवाई नहीं की गई.
ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे वाहन के पलटने और गैस रिसाव की इस घटना ने कुछ देर के लिए टोल प्लाजा पर गुजर रहे लोगों को दहशत में डाल दिया. फिलहाल, इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है.

