Homeक्राइम4250 रुपए की सैलरी वाले सरपंच के घर में खड़ी स्कॉर्पियों के...

4250 रुपए की सैलरी वाले सरपंच के घर में खड़ी स्कॉर्पियों के तहखाना में मिले 1.29 करोड़, बिना नंबर की है यह गाड़ी

मध्य प्रदेश के मंदसौर में एक सरपंच के घर खड़ी स्कॉर्पियो से पुलिस ने 1.29 करोड़ रुपए बरामद किए हैं। स्कॉर्पियो के ऊपर नंबर भी नहीं है। साथ ही तीन लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें सरपंच के साथ दो लोग यूपी के रहने वाले हैं।

हाइलाइट्स

मंदसौर में नई स्कॉर्पियो से एक करोड़ 29 लाख लाख रुपए बरामद
बरखेड़ा उदा गांव में सरपंच के घर खड़ी थी स्कॉर्पियो
पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया, इनमें दो यूपी के
कैश को लेकर तीनों नहीं दी कोई स्पष्ट जानकारी

मंदसौर: मध्य प्रदेश में अजीबोगरीब घटनाएं घटते रहती है। मंदसौर जिले के शामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित बरखेड़ा उदा गांव एक स्कॉर्पियो से एक करोड़ 29 लाख रुपए कैश मिले हैं। यह काली स्कॉर्पियो गांव के सरपंच के घर में खड़ी थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

तीन व्यक्तियों को हिरासत में लिया

दरअसल, शामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा उदा में एक बिना नंबर की काले रंग की स्कॉर्पियो-एन कार से पुलिस ने 1 करोड़ 29 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी रकम कार की बॉडी में विशेष तरीके से बनाए गए गुप्त स्थानों पर छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने मौके से तीन व्यक्तियों को हिरासत में लिया है।

यूपी से सरपंच के घर आए थे दो लोग

मंदसौर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम के सरपंच भवानीशंकर मीणा के घर उत्तर प्रदेश के दो व्यक्ति बिना नंबर की स्कॉर्पियो-एन कार से पहुंचे हैं। कार घर के पीछे बने बाड़े में खड़ी है। सूचना में यह भी बताया गया कि कार में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित रकम होने की आशंका है, जिसे विशेष तरीके से छिपाया गया है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस की विशेष टीम ने सरपंच भवानीशंकर मीणा के निवास पर दबिश दी।

कार और तीन लोग मिले

मौके पर बिना नंबर की काले रंग की स्कॉर्पियो-एन कार और तीन व्यक्ति मिले। पुलिस ने सरपंच भवानीशंकर मीणा के साथ उत्तर प्रदेश निवासी मोहम्मद इस्लाम और सूर्य प्रकाश को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान तीनों ने कैश को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। इसके बाद पुलिस तीनों को लेकर शामगढ़ थाना पहुंची।

कार की गहन तलाशी ली

इसके बाद कार की गहन तलाशी के लिए मैकेनिक को बुलाया गया। मैकेनिक की मदद से कार की बॉडी खुलवाकर जांच की गई तो उसके भीतर बनाए गए गुप्त स्थानों से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई।

एक करोड़ 29 लाख रुपए मिले

पुलिस के अनुसार, कार से कुल 1 करोड़ 29 लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं। इसके अलावा करीब 20 लाख रुपये कीमत की स्कॉर्पियो-एन कार भी जब्त की गई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई गई थी, इसका वास्तविक स्रोत क्या है और इसे कार में छिपाकर कहां ले जाया जाना था।

आयकर विभाग को दी सूचना

मामले में आयकर विभाग को भी सूचना दी जाएगी, ताकि नकदी के स्रोत और उससे जुड़े वित्तीय पहलुओं की जांच की जा सके। फिलहाल पुलिस की पूछताछ और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

4250 रुपए होती है सैलरी

मध्य प्रदेश में सरंपच की सैलरी 4250 रुपए होती है। सरपंच बनने के बाद हर महीने यह राशि उन्हें भत्ता के रूप में दी जाती है। ऐसे में सवाल है कि मामूली सैलरी वाले सरपंच के घर पर इतनी बड़ी राशि लेकर लोग क्यों आए थे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments