नोएडा के नोएडा के सेक्टर-95 के अंडरपास में बारिश का पानी भरने से उसमें एक कार फंस गई। कार में सवार लोग शीशा तोड़कर बाहर निकले और अपनी जान बचाई।
नोएडा : शहर में जलभराव की समस्या लोगों की परेशानी का कारण बनी रहती है। सोमवार को बारिश होने के बाद एक अंडरपास में पानी भर गया। सेक्टर-95 में स्थित अंडरपास में चार से पांच फीट तक पानी भर जाने पर एक रेनॉल्ट ट्राइबर कार उसमें फंस गई। कार में सवार लोग पानी के बीच फंस गए। इस गंभीर स्थिति में कार सवार में सवार लोग शीशा तोड़कर बाहर निकले। समय रहते कार से बाहर निकलने से वे सभी सुरक्षित रहे।
कार को रस्सी से बांधकर निकाला
जलभाराव की जानकारी मिलने पर फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। उन्होंने कार को रस्सी से बांधकर अंडरपास से बाहर निकाला। पुलिस के मुताबिक, सोमवार को थाना फेस-1 को डायल-112 के जरिए सूचना मिली थी कि सेक्टर-95 के पास के अंडरपास में बारिश का पानी अधिक भर गया है और उसमें एक कार फंस गई है। इस पर स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस यूनिट मौके पर पहुंची। दोनों टीमें जब घटनास्थल पर पहुंचीं तब तक कार में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।
कार सवार बुलंदशहर जा रहे थे
पुलिस और फायर विभाग की टीम ने इसके बाद कार को पानी से बाहर निकलवाया। बताया जाता है कि कार में सवार लोग गुरुग्राम से बुलंदशहर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अंडरपास में फंस गई। करीब पांच फुट पानी भरा होने से कार को बाहर निकालना मुश्किल हो गया था। कार को रस्सी से बांधकर खींचकर बाहर निकाला गया।
अंडरपास में अक्सर भर जाता है पानी
नोएडा में बारिश होने पर सेक्टर-95 अंडरपास में अक्सर जलभराव हो जाता है। पूर्व में भी यहां पानी भरने के कारण कई वाहन फंस चुके हैं। अंडरपास में पानी जमा होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस बार भी कार के पानी में फंसने से बड़े हादसे की आशंका पैदा हो गई थी। इस घटना में कार सवारों की सूझबूझ और समय रहते बाहर निकलने के कारण सभी की जान बच गई।

