मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान की एंट्री खेल पॉलिटिक्स में हो गई है। वे मध्य प्रदेश वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष बने हैं। इसके बाद उन्होंने कार्यभार संभाल लिया है। कार्तिकेय सिंह चौहान ने कहा है कि हम वॉलीबॉल को गांव-गांव तक पहुंचाएंगे।
हाइलाइट्स
एमपी वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष बने कार्तिकेय सिंह चौहान
रविवार को हुए चुनाव में वह निर्विविरोध चुने गए
सोमवार को कार्तिकेय सिंह चौहान ने संभाला कार्यभार
शिवराज सिंह चौहान के बड़े बेटे हैं कार्तिकेय सिंह चौहान
भोपाल: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इन दिनों अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। इस बीच उनके बड़े बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान की खेल पॉलिटिक्स में एंट्री हो गई है। सियासत में अपनी जगह बनाने के लिए कार्तिकेय काफी समय से मेहनत कर रहे हैं लेकिन मौका नहीं मिल पा रहा है। अब वह मध्य प्रदेश वॉलीबॉल के निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिए गए हैं।
एमपी वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष बने कार्तिकेय
दरअसल, मध्य प्रदेश वॉलीबॉल संघ का चुनाव रविवार को हुआ था। इस दौरान अध्यक्ष पद के लिए शिवराज सिंह चौहान के बड़े कार्तिकेय सिंह चौहान इसके उम्मीदवार थे। चुनाव के बाद परिणाम आ गए हैं। कार्तिकेय सिंह चौहान निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिए हैं। उनका कार्यकाल 2026-30 तक के लिए होगा।
33 संघों ने लिया था हिस्सा
मध्य प्रदेश वॉलीबॉल संघ के अंतर्गत 33 जिला संघ है। सभी संघों ने चुनाव में हिस्सा लिया था। कार्तिकेय सिंह चौहान के अलावे दूसरा कोई भी उम्मीदवार अध्यक्ष पद का दावेदार नहीं था। ऐसे में उन्हें निर्विरोध चुन लिया गया है। विधायक आशीष शर्मा इसके उपाध्यक्ष चुने गए हैं।
कार्तिकेय ने संभाला काम
कार्तिकेय सिंह चौहान ने अध्यक्ष चुने जाने के बाद कार्यभार संभाल लिया है। वह मध्य प्रदेश वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष हो गए हैं। उन्होंने एक्स पर लिखा कि मध्यप्रदेश वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपने के लिए संघ के सभी पदाधिकारियों, जिला संघों के प्रतिनिधियों एवं समस्त सदस्यों का हृदय से आभार। आप सभी ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का मेरा पूरा प्रयास रहेगा।
गांव-गांव तक पहुंचाएंगे वॉलीबॉल
उन्होंने आगे कहा कि हमारा लक्ष्य है कि वॉलीबॉल प्रदेश के हर गांव और युवा तक पहुंचे, नई प्रतिभाओं को अवसर मिले और खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर सुविधाएं मिलें। इसी दिशा में मध्यप्रदेश वॉलीबॉल खेल नीति 2026 का प्रारूप तैयार करने और हर जिले में इस खेल को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का रोडमैप बनाएंगे।
क्रिकेट और राजनीति को लेकर रहे हैं सक्रिय
हालांकि कार्तिकेय सिंह चौहान लगातार राजनीति में भी सक्रिय रहे हैं। चुनाव से पहले बुधनी क्षेत्र में उनकी काफी सक्रियता थी। इस दौरान क्रिकेट टूर्नामेंट भी करवाते थे। लेकिन पार्टी ने उन्हें पिता की सीट खाली होने पर मौका नहीं दिया। इसके बाद उनका दर्द भी सामने आया था।
सिंधिया के बेटे हैं क्रिकेट संघ के अध्यक्ष
मध्य प्रदेश में नेता पुत्रों की दिलचस्पी खेल पॉलिटिक्स में नई बात नहीं है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महाआर्यमन सिंधिया पहले से ही खेल पॉलिटिक्स में एक्टिव हैं। वह मध्य प्रदेश क्रिकेट संघ के पहले से ही अध्यक्ष हैं।

