सीजेपी आंदोलन के चलते दिल्ली रूट पर ट्रेनों के निरस्त होने से भोपाल मंडल में करीब 4500 यात्रियों के टिकट रद्द हो गए हैं। इस पर रेलवे की ओर से अपडेट जारी किया गया है। रेलवे का कहना है कि प्रभावित यात्रियों को 35 लाख रुपये का रिफंड 24 से 48 घंटे के भीतर दिया जाएगा।
भोपाल: दिल्ली रूट पर ट्रेनों के अचानक निरस्त होने और सीजेपी आंदोलन के गर्माते माहौल के बीच मध्य प्रदेश के यात्रियों को दोहरी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भोपाल मंडल से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 9 और 10 अक्टूबर को ट्रेनें रद्द होने के कारण कुल 4500 यात्रियों के टिकट कैंसिल हुए हैं।
रेलवे ने जारी किया अपडेट
रेलवे प्रशासन ने साफ किया है कि इन सभी प्रभावित यात्रियों को उनके टिकटों का पूरा रिफंड 24 से 48 घंटे के भीतर सीधे उनके खातों में मिल जाएगा, जिस
पर कुल 35 लाख रुपये की राशि खर्च होगी। यात्रियों की इस असुविधा के पीछे सीजेपी आंदोलन की गतिविधियों और रेलवे के बुनियादी ढांचे से जुड़े काम मुख्य वजह रहे हैं।
इन प्रमुख ट्रेनों के पहिये थमे
दिल्ली जाने और वहां से लौटने वाले यात्रियों के लिए यह हफ्ता काफी मुश्किल भरा रहा। 10 अक्टूबर को दिल्ली से भोपाल आने वाली प्रसिद्ध हजरत निजामुद्दीन-रानी कमलापति शान-ए-भोपाल एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय पर दिल्ली से रवाना नहीं हो सकी। इसके अलावा 9 अक्टूबर को मुंबई-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस, जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस, महाकौशल एक्सप्रेस, एमपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस और शान-ए-भोपाल एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण गाड़ियां पूरी तरह निरस्त रहीं। वहीं, 10 अक्टूबर को कोटा-हजरत निजामुद्दीन जनशताब्दी एक्सप्रेस भी नहीं चल पाई।
जिन यात्रियों के टिकट कैंसिल हुए हैं, उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है, रेलवे द्वारा नियमों के तहत 35 लाख रुपये का रिफंड तय समय सीमा में वापस किया जा रहा है। डॉ. मधुर वर्मा, सीपीआरओ
रूट डायवर्जन और रिफंड की प्रक्रिया
ट्रेनों के अचानक रद्द होने और सीजेपी आंदोलन के कारण सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने से उन यात्रियों की योजना पर पानी फिर गया जिन्होंने महीनों पहले रिजर्वेशन करा रखा था। कई लोगों को अपनी यात्रा अचानक टालनी पड़ी तो कुछ ने दूसरे साधनों का सहारा लिया। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, बीना-आगासौद यार्ड में चल रहे रीमॉडलिंग कार्य के कारण आगामी 15 अक्टूबर तक लगभग 17 ट्रेनों के मार्ग में बदलाव भी किया गया है।

