Homeभारतउत्तरप्रदेशशाहजहांपुर: अस्पताल में महिला की मौत पर परिजनों ने काटा बवाल, पुलिस...

शाहजहांपुर: अस्पताल में महिला की मौत पर परिजनों ने काटा बवाल, पुलिस के सामने डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

यूपी के शाहजहांपुर में एक निजी अस्पताल में महिला की मौत के बाद परिजनों ने भारी हंगामा किया. परिजनों ने इलाज में लापरवाही और मौत की जानकारी छिपाने का आरोप लगाते हुए पुलिस की मौजूदगी में डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ के साथ मारपीट की. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के शेखर अस्पताल में इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई. मौत के बाद नाराज परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा काटा और डॉक्टर व मेडिकल स्टाफ के साथ मारपीट की. परिजनों ने मेडिकल स्टाफ को पुलिस की मौजूदगी में सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा. इलाज में लापरवाही और मौत की जानकारी छिपाने के आरोप में यह मारपीट की गई. पुलिस कर्मियों द्वारा स्टाफ को बचाने के प्रयास के बावजूद परिजन लगातार पीटते रहे. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस थाना स्तर पर कार्रवाई कर रही है.

इलाज में लापरवाही और मौत छिपाने का आरोप

आपको बता दें कि चौक कोतवाली क्षेत्र के शेखर अस्पताल में भर्ती महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई थी. परिजनों का गंभीर आरोप है कि महिला की डेथ होने के बाद भी अस्पताल के मेडिकल स्टाफ ने उन्हें इसकी जानकारी नहीं दी. इसके अलावा परिजनों ने इलाज में भी भारी लापरवाही बरतने का आरोप लगाया. इसी बात से आक्रोशित होकर मृतक महिला के परिवार वाले आपा खो बैठे और उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों पर हमला कर दिया.

पुलिस के सामने सड़क पर दौड़ाकर पीटा

हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी. लेकिन आक्रोशित परिजनों ने पुलिस की मौजूदगी में ही मेडिकल स्टाफ और डॉक्टर के साथ मारपीट शुरू कर दी. आलम यह रहा कि परिजनों ने मेडिकल स्टाफ को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा. इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी मेडिकल स्टाफ को परिजनों से बचाते नजर आए, लेकिन परिजन लगातार पिटाई करते रहे. सड़क पर हुई इस मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

एसपी सिटी देवेंद्र कुमार का बयान

मामले की जानकारी देते हुए एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि शेखर अस्पताल में एक महिला की मृत्यु हो गई थी, जिस पर भावुक परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया. पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और इस दौरान कुछ लोगों ने डॉक्टर के साथ विवाद किया. हालांकि, परिजनों और डॉक्टर के बीच आपसी सहमति से कोई कार्रवाई न करने पर समझौता हो गया है. लेकिन घटना के जो भी वीडियो सामने आ रहे हैं, उनके आधार पर थाना स्तर से अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments