महाराष्ट्र के लातूर में नशे में धुत युवक ने चाइनीज होटल में बाइक घुसाकर जमकर तोड़फोड़ कर दी. आरोप है कि शैलेश शिंदे ने होटल मालिक और उसके बेटे को गाली देते हुए दो दिन में दुकान बंद नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी. उसने फ्रिज, काउंटर और गैस बर्नर भी तोड़ दिए.
महाराष्ट्र के लातूर में नशे में धुत एक युवक ने कथित तौर पर बाइक से होटल में घुसकर जमकर तोड़फोड़ कर दी. आरोप है कि युवक ने होटल मालिक और उसके बेटे को गालियां दीं और दो दिन के भीतर दुकान बंद नहीं करने पर जान से मारने की धमकी तक दे डाली. इस दौरान होटल में मौजूद ग्राहकों के साथ भी आरोपी ने अभद्रता की. घटना के बाद होटल मालिक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NCR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मामला 3 अक्टूबर की रात करीब 10:15 बजे का है. एसपी ऑफिस के सामने स्थित नाइस चाइनीज सेंटर में शैलेश शिंदे नाम का युवक बाइक लेकर पहुंचा. आरोप है कि वह नशे में था और अपनी MH 24 CE 4917 नंबर की बाइक होटल के अंदर घुसा दी.
होटल में घुसते ही शुरू की तोड़फोड़
शिकायत के मुताबिक बाइक घुसाने के बाद आरोपी ने होटल के काउंटर पर मौजूद मालिक अलीम शेख और उनके बेटे से गाली-गलौज की. इसके बाद दोनों को धमकाते हुए कहा कि दो दिन के अंदर दुकान बंद कर दो, वरना जान से मार देगा.
आरोप है कि इसके बाद शैलेश ने होटल के फ्रिज, काउंटर और गैस बर्नर को लात मारकर नुकसान पहुंचाया. होटल में खाना खाने आए ग्राहकों को भी उसने गालियां दीं. इस दौरान एक महिला ग्राहक के साथ भी अभद्रता किए जाने का आरोप है.
शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज किया NCR
घटना के बाद होटल मालिक अलीम शेख ने विवेकानंद चौक पुलिस से शिकायत की. पुलिस ने आरोपी शैलेश शिंदे के खिलाफ BNS की धारा 351(1), 351(2), 352, 324(4) और 115(2) के तहत NCR दर्ज की है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

