Homeभारतदिल्ली2 दिन में ही बारापुला फेज-3 पर ट्रैफिक से बवाल, पूरे कॉरिडोर...

2 दिन में ही बारापुला फेज-3 पर ट्रैफिक से बवाल, पूरे कॉरिडोर के डिजाइन पर उठे सवाल

बारापुला फेज-3 खुलने के महज दो दिन बाद भारी जाम ने मयूर विहार से आईएनए तक 15 मिनट के सफर की उम्मीद तोड़ दी और कई लोग दो घंटे से ज्यादा फंसे रहे. अब ट्रैफिक पुलिस और पीडब्ल्यूडी ड्रोन सर्वे, लेन समीक्षा, मर्जिंग पॉइंट्स में बदलाव और संभावित डायवर्जन के जरिए पूरे कॉरिडोर की खामियां ठीक करने की कोशिश कर रहे हैं.

काम शुरू होने के करीब 12 साल बाद खुले बारापुला फेज-3 कॉरिडोर पर महज दो दिन में ही ट्रैफिक का बवाल सामने आ गया. नए खुले हिस्से पर भारी जाम के बाद अब दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और PWD पूरे बारापुला कॉरिडोर के डिजाइन की समीक्षा कर रहे हैं. ड्रोन सर्वे और PWD के साथ हुई बैठक के बाद लेन व्यवस्था, मर्जिंग पॉइंट्स और ट्रैफिक फ्लो को लेकर समीक्षा शुरू की गई है.

बुधवार सुबह हालात सबसे ज्यादा बिगड़े. हजारों वाहन चालक मयूर विहार और INA के बीच करीब 15 मिनट में सफर पूरा करने की उम्मीद से इस नए कॉरिडोर पर पहुंचे थे, लेकिन कई लोग दो घंटे या उससे ज्यादा समय तक जाम में फंसे रहे. गुरुवार को भी ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रही. कुछ लोगों ने अगले दिन इस रूट से बचने की कोशिश की, लेकिन दोबारा इस रास्ते पर आने वालों को भी जाम का सामना करना पड़ा.

मयूर विहार फेस-1 से शुरू हुए बारापुला फेज-3 कॉरिडोर पर सूर्य घड़ी और सराय काले खां के पास सबसे ज्यादा जाम देखा गया. इसके अलावा मयूर विहार फेस-1 और नोएडा से आने वाले रास्ते पर भी ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ी नजर आई. मयूर विहार के पास कई कट बंद होने से वाहन चालकों को परेशानी हुई.

सूर्य घड़ी से लाजपत नगर और एम्स जाने वाले कट पर भी लंबा जाम लगा. वहीं किदवई नगर और सीपीडब्ल्यूडी फ्लैट्स के पास भी वाहन चालकों को घंटों ट्रैफिक में जूझना पड़ा. लगातार जाम से लोगों में नाराजगी बढ़ी और यह मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा में आ गया.

ट्रैफिक सुधार के लिए तत्काल उपाय

ट्रैफिक पुलिस और PWD ने ऐसे स्थानों की पहचान की है, जहां बिना किसी बड़े नए निर्माण के ट्रैफिक फ्लो सुधारा जा सकता है. इसके लिए बैरिकेड और कोन लगाकर अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों को धीरे-धीरे मर्ज करने, मैनुअल ट्रैफिक रेगुलेशन और स्टॉप-एंड-गो व्यवस्था लागू करने जैसे उपाय किए जा सकते हैं.

इसके अलावा कॉरिडोर पर दबाव कम करने के लिए वाहनों को संभावित रूप से NH-24 की ओर डायवर्ट करने और Google Maps जैसे नेविगेशन ऐप पर रूटिंग में सुधार करने की भी बात सामने आई है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments