एमपी के विंध्य क्षेत्र में सवर्णों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। सामान्य वर्ग के लोगों ने सांकेतिक रूप से स्वर्ण नेताओं का प्रयागराज में अस्थि विसर्जन किया है। दो अक्टूबर को तेरहवीं का आयोजन होगा। इसमें बड़ी संख्या में लोगों से जुटने की अपील की गई है।
हाइलाइट्स
यूजीसी के खिलाफ सवर्णों का बढ़ रहा गुस्सा
सवर्णों ने प्रयागराज में नेताओं का किया अस्थि विसर्जन
दो अक्टूबर को रीवा में होगा तेरहवीं, ज्यादा लोगों से आने की अपील
सवर्णों ने कहा कि यूजीसी को वापस लो
रीवा: UGC को लेकर सवर्ण समाज का विरोध नहीं थम रहा है। इसे लेकर रीवा में अलग-अलग तरीके से प्रदर्शन जारी है। कुछ दिनों पहले स्वर्ण समाज ने नेताओं का अंतिम संस्कार किया था। अब सांकेतिक रूप से उन नेताओं का अस्थि विसर्जन प्रयागराज में किया है।
अलग-अलग जगहों पर समर्थन किया
दरअसल, रीवा में कुछ दिन पहले सांकेतिक अंतिम संस्कार के बाद अस्थि कलश को प्रयागराज ले जाकर गंगा में सांकेतिक अस्थि विसर्जन किया गया। रास्ते में मनगवां, गढ़, सोहागी और चाकघाट समेत कई स्थानों पर सामान्य समाज के लोगों ने अस्थि कलश पर श्रद्धांजलि अर्पित कर UGC के विरोध में अपना समर्थन जताया।
मुंडन करवाया
प्रयागराज पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने मुंडन कराया और गंगा में सांकेतिक अस्थि विसर्जन किया। इस दौरान UGC रोल बैक करो जैसे नारे भी लगाए गए। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग चल रहे थे। रीवा में लगातार यूजीसी को लेकर अलग-अलग तरीका अपनाया जा रहा है।
जनरल वर्ग में है नाराज
विरोध प्रदर्शन से जुड़े लोगों का कहना है कि UGC के मुद्दे को लेकर सामान्य समाज में नाराजगी है और इसी के विरोध में सांकेतिक अंतिम संस्कार से लेकर अस्थि विसर्जन तक का कार्यक्रम किया गया है। विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि इस मुद्दे पर लोग अपनी चुप्पी तोड़ें।
दो अक्टूबर को होगी तेरहवीं
अब 2 अक्टूबर को रीवा शहर के कोठी स्थित शिव मंदिर में तेरहवीं कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयोजकों ने सामान्य समाज के लोगों से कार्यक्रम में शामिल होकर अपना समर्थन दर्ज कराने की अपील की है। विंध्य के अन्य जिलों में भी इस लेकर विरोध चल रहा है।

