डेटिंग ऐप पर महिला से दोस्ती कराकर रंगदारी वसूलने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए द्वारका जिला पुलिस ने दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में डेटिंग ऐप के जरिए दोस्ती कर रंगदारी वसूलने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करने में बड़ी सफलता मिली है। दिल्ली पुलिस ने गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
क्या था पूरा मामला
दिल्ली पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 14 सितंबर को छावला पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई कि डेटिंग ऐप पर एक महिला से बातचीत शुरू हुई थी। फिर महिला ने उसे मिलने के लिए मेट्रो स्टेशन बुलाया और नजफगढ़ में एक जगह ले गई।
पीड़ित से 1.93 लाख रुपये कराए बैंक ट्रांसफर
उन्होंने आगे कहा कि वहां पहुंचते ही उसे धमकाया गया, और आरोपियों में से एक ने पुलिस अफसर बनकर उसे डराने की कोशिश की। पुलिस ने आगे बताया कि जबरन वसूली के इस पूरे खेल में आरोपियों ने पीड़ित से 1.93 लाख रुपये बैंक ट्रांसफर और UPI के जरिए लिए, जबकि 22,000 रुपये नकद वसूले।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
शिकायत मिलते ही दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और पैसों के डिजिटल ट्रेल का पीछा किया। जांच अधिकारियों ने उन बैंक खातों की पहचान की, जिनमें डिजिटल पेमेंट ट्रांसफर किया गया था।
पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
DCP (द्वारका) कुशल पाल सिंह ने बताया पुलिस ने मामले में 38 वर्षीय मनदीप, 32 वर्षीय प्रीति, 42 वर्षीय कमलेश और 40 वर्षीय रितु को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग 70,500 रुपये नकद बरामद किए हैं, जबकि संबंधित बैंक खातों में जमा बाकी रकम को तुरंत प्रभाव से फ्रीज करा दिया गया है।

