फिरोजाबाद के निवासी बीएसएफ जवान दिनेश कुमार ने पंजाब के फाजिल्का में अपने बीएसएफ के क्वार्टर में पत्नी पिंकी की गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद उन्होंने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उन दोनों की एक बेटी और एक बेटा है।
फिरोजाबाद : पंजाब में तैनात फिरोजाबाद जिले के मक्खनपुर के निवासी एक बीएसएफ जवान ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और फिर खुदकुशी कर ली। यह घटना पंजाब के फाजिल्का में हुई, जहां पर यह जवान तैनात था। यह सूचना मिलते ही जवान के परिवार के लोग फाजिल्का पहुंच गए हैं। जवान के पत्नी की हत्या करने का कारण फिलहाल पता नहीं चल सका है।
पंजाब में तैनात थे दिनेश कुमार
फिरोजाबाद के मक्खनपुर के सांती गांव के निवासी 38 साल के दिनेश कुमार बघेल सीमा सुरक्षा बल (BSF) में आरक्षी के पद पर थे। वे बीएसएफ की 38वीं बटालियन में थे और पंजाब के फाजिल्का में तैनात थे। वे वहीं बीएसएफ कैंप में एक सरकारी आवास में अपनी 36 साल की पत्नी पिंकी, 12 साल की बेटी अनुष्का और सात साल के बेटे जयादित्य के साथ रहते थे।
पिंकी की देर रात में की हत्या
बताया जाता है कि बीएसएफ जवान दिनेश कुमार ने बुधवार को रात में ड्यूटी से घर लौटने के बाद अपने सरकारी क्वार्टर में अपनी पत्नी पिंकी की निर्ममता से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद उन्होंने खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बारे में बीएसएफ कैंप में लोगों को पता गुरुवार की सुबह तब चला जब उनकी बेटी अनुष्का ने माता-पिता के शव देखे और शोर मचाया। दिनेश कुमार के पड़ोसियों के सूचना देने पर बीएसएफ के अधिकारी और पुलिस उनके आवास पर पहुंची।
हत्या और आत्महत्या का कारण पता नहीं चला
मक्खनपुर पुलिस के मुताबिक गुरुवार की सुबह फाजिल्का के बीएसएफ अधिकारियों ने इस घटना की सूचना सांती गांव में दिनेश कुमार के परिवार को दी। जवान के पत्नी की हत्या करने और फिर आत्महत्या करने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। इस घटना की सूचना जैसे ही फिरोजाबाद के सांती गांव में पहुंची, इनके परिवार में कोहराम मच गया। उनके परिवार के लोग तुरंत फाजिल्का रवाना हो गए।
गांव से छह माह पहले ही परिवार को ले गए थे
बीएसएफ आरक्षी दिनेश कुमार पांच भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी पत्नी पिंकी दोनों बच्चों के साथ सांती गांव में ही रहती थीं। वे एक प्राइवेट स्कूल में टीचर थीं। दिनेश कुमार पिंकी और दोनों बच्चों को छह माह पहले ही फाजिल्का ले गए थे। अब तक यह पता नहीं चल सका है कि दिनेश और पिंकी के बीच ऐसा क्या हुआ कि उसके नतीजे इस हैरत में डालने वाले घटनाक्रम के रूप में सामने आए।

