ग्रुप एडिटर पवन माकन ने परिवार सहित पूजा-अर्चना के बाद रंगीन संस्करण का शुभारंभ किया

अहमदाबाद/आबू पर्वत। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर माँ अर्बुदा की नगरी से ‘महानगर मेट्रो’ समाचार पत्र समूह ने अपने पूर्णतः रंगीन संस्करण की शुरुआत की। शुक्रवार को ग्रुप एडिटर पवन माकन ने परिवार सहित जन्माष्टमी के अवसर पर पूजा-अर्चना की और रंगीन फॉर्मेट में प्रकाशित होने वाले समाचार पत्र का विधिवत शुभारंभ किया।
अब से ‘महानगर मेट्रो’ अखबार रंगीन फॉर्मेट में प्रिंट होकर पाठकों तक पहुंचेगा। रंगीन पन्नों के साथ खबरों की प्रस्तुति को भी अधिक प्रभावी और आकर्षक बनाने पर जोर रहेगा, ताकि समाचारों की गंभीरता, घटनाओं का प्रभाव और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों की अहमियत पाठकों तक बेहतर ढंग से पहुंच सके।
यह बदलाव केवल अखबार के स्वरूप तक सीमित नहीं है। ‘महानगर मेट्रो’ ने बदलते मीडिया परिदृश्य में अपनी पत्रकारिता को नए अंदाज के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है। समाचार पत्र का प्रयास रहेगा कि खबरों में तथ्य, भाषा और प्रस्तुति—तीनों के स्तर पर पाठकों को बेहतर अनुभव मिले।
शुभारंभ के अवसर पर ग्रुप एडिटर पवन माकन ने कहा कि पाठकों का विश्वास ही ‘महानगर मेट्रो’ की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि इसी विश्वास के साथ समाचार पत्र प्रदेशभर में सच की मजबूत आवाज बनने के संकल्प के साथ आगे बढ़ेगा।
जनता के सवालों को मिलेगी प्रमुखता
समाचार पत्र की पत्रकारिता में किसान, युवा, गरीब, पीड़ित और आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देने का संकल्प दोहराया गया है। जनहित से जुड़े सवालों को सामने लाना, स्थानीय समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना और आम नागरिक की आवाज को जगह देना इसकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
आबू पर्वत से शुरू हुई यह नई यात्रा अब राजस्थान के अन्य हिस्सों तक पहुंचने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। समाचार पत्र का प्रयास रहेगा कि स्थानीय मुद्दों को व्यापक जनसरोकारों के संदर्भ में भी सामने लाया जाए।
सत्य और विश्वास की पत्रकारिता का संकल्प
‘महानगर मेट्रो’ परिवार ने कहा कि निष्पक्ष, निर्भीक और तथ्यपरक पत्रकारिता उसकी पहचान का आधार रहेगी। समाचार पत्र का संकल्प है कि वह बिना दबाव और पक्षपात के जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देगा।
इस अवसर पर ग्रुप एडिटर पवन माकन एवं समस्त ‘महानगर मेट्रो’ परिवार ने पाठकों, सहयोगियों और शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा, “न दबाव में झुकेंगे, न सत्य के रास्ते से डिगेंगे।”
‘महानगर मेट्रो’ परिवार के अनुसार, जनता का विश्वास ही पत्रकारिता की असली पूंजी है। इसी विश्वास की रक्षा करते हुए समाचार पत्र को राजस्थान के हर कोने तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
आबू पर्वत से शुरू हुई यह नई यात्रा अब रंगीन पन्नों और प्रभावी खबरों की प्रस्तुति के साथ सत्य, सरोकार और विश्वास की पत्रकारिता को प्रदेशभर में आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ शुरू हो गई है।

