बसपा की ऑल इंडिया बैठक में मायावती ने कार्यकर्ताओं को सख्त संदेश दिया है। मायावती ने यूपी विधानसभा चुनाव 2027अकेले ही चुनाव लड़ने का फैसला लिया है।
लखनऊ: यूपी में विधानसभा चुनाव 2027 बसपा ने अकेले ही लड़ने का फैसला लिया है। बीएसपी की ऑल इंडिया बैठक में मायावती ने कार्यकर्ताओं को सख्त संदेश दिया है। मायावती ने ऑल इंडिया बैठक में संगठन की समीक्षा की। मायावती ने आकाश आनंद को भी फिलहाल पार्टी में कोई बड़ी जिम्मेदारी नहीं देने की बात की है। मायावती ने कहा है कि आकाश में परिपक्वता की कमी है।
उन्होंने कहा कि आकाश आनन्द को पार्टी में कार्य करने की तो इजाज़त दी है, लेकिन इस मामले में आकाश आनन्द को अभी और अधिक मैच्योर होने की जरुरत है। मायावती ने कहा कि तब तक आकाश को पार्टी की अभी बड़ी ज़िम्मेवारी देना उचित नहीं होगा।
सत्ता भी ज़रूरी
मायावती ने ऑल इंडिया बैठक में पार्टी व मूवमेन्ट से सम्बन्धित पिछले दिये गये कार्यो की समीक्षा की। इसके साथ पदाधिकारियों को कमियों को दूर करने और आगे के हर वर्ष सालाना होने वाले कार्यों के बारे में भी जानकारी दी। मायावती ने कहा कि कांशीराम के त्याग, तपस्या व समर्पण की तरह ही ’बहुजन समाज’ का हित, कल्याण व उसकी अस्मिता बनाने का मिशनरी लक्ष्य सर्वोपरि है जिसके लिए सत्ता भी ज़रूरी है। अब पार्टी ने पूरे देश में सभी छोटे-बड़े चुनाव अकेले ही लड़ने का फैसला लिया है।
आरएसएस की कथनी व करनी में अन्तर
मायावती ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के अमेरिका दौरे में कही गयी बातों का भी संज्ञान लेते हुये कहा कि आरएसएस की कथनी व करनी में ज़मीन-आसमान का भारी अन्तर होने से उनमें विश्वसनीयता का अभाव है। उन्होंने आरएसएस को बाबा साहेब के मानवतावादी व समतामूलक संविधान पर खुद ईमानदारी व निष्ठा से अमल करने की सलाह दी।
9 अक्तूबर को ’खुली संगोष्ठी के कार्यक्रम’ होंगे
मायावती ने बताया कि कांशीराम की 9 अक्तूबर को पुण्यतिथि के अवसर पर यूपी में प्रदेश स्तर पर और बाकी राज्यों में जोन स्तर पर ’खुली संगोष्ठी के कार्यक्रम’ आयोजित होंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि इन कार्यक्रमों को बीएसपी के प्रदेश व मुख्य ज़ोन प्रभारी आदि मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि दिल्ली प्रदेश के सभी लोग नई दिल्ली गुरुद्वारा रकाबगंज रोड पर स्थित ’बहुजन समाज प्रेरणा स्थल’ पर उन्हें अपने श्रद्धा-सुमन अर्पित करेंगे।
मायावती ने साथ ही यह भी कहा कि इस समय दुनिया के कई भागों में जारी जंग तथा उसके फलस्वरूप तेज़ी से बदलते हुये संगीन हालात व सुरक्षा उपायों आदि में भी देश की अपनी रणनीति मज़बूत होनी चाहिये। मायावती ने कहा कि अब फिर से देश में आए दिन बढ़ रही महंगाई व कुदरती हो रही मार भी काफी चिन्ताजनक है। साथ ही, वर्तमान में जेन-जी व जेन-अल्फाआदि की भी चल रही गम्भीर समस्याओं को दूर करना बहुत ज़रूरी है।

