ग्वालियर की नंदिनी की मौत को लेकर उसके पिता और चाचा पर आरोप लगे हैं। मां और भाई-बहनों ने आरोप लगाया है कि उनलोगों ने मार दिया है। वह कर्नाटक के एक मॉल में काम करती थी। कथित रूप से कहा जा रहा है कि इसे लेकर ही परिवार में विवाद में थी।
हाइलाइट्स
ग्वालियर में रक्षाबंधन पर घर आई नंदिनी की हत्या
माता और भाई-बहन ने पिता और चाचा पर लगाया आरोप
कर्नाटक के एक मॉल में काम करती थी नंदिनी
कथित रूप से इसे लेकर परिवार में हो रहा था झगड़ा
ग्वालियर: रक्षाबंधन पर अपने घर लौटी एक बेटी की जिंदगी खत्म हो गई है, जहां से वह अपने सपनों को पूरा करने के लिए कर्नाटक गई थी। ग्वालियर के पिछोर थाना क्षेत्र के पथरियापुरा गांव में नंदिनी यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सनसनी फैल गई है। मामले में मृतका के ही परिवार के सदस्यों ने उसके पिता भगवानसिंह यादव और चाचा संतोष यादव पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
कर्नाटक के मॉल में काम करती थी नंदिनी
परिजनों के आरोपों के मुताबिक, नंदिनी कर्नाटक में एक मॉल में काम करती थी। वह रक्षाबंधन के मौके पर अपने घर आई थी। घर लौटने के बाद कर्नाटक में नौकरी करने को लेकर परिवार में विवाद की स्थिति बनी। इसी दौरान नंदिनी के किसी युवक से फोन पर बातचीत करने की बात भी सामने आई, जिसे लेकर घर में नाराजगी और विवाद बढ़ने की बात कही जा रही है।
चाचा और पिता ने दबा दिया गला
परिजनों का आरोप है कि देर रात विवाद के बाद नंदिनी के पिता भगवानसिंह यादव और उसके चाचा संतोष यादव ने कथित तौर पर उसकी साफी से गला दबा दिया। आरोप है कि गला दबाए जाने से नंदिनी की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में खबर फैलते ही हड़कंप मच गया। जिस घर में कुछ समय पहले तक रक्षाबंधन की खुशियां थीं, वहां अचानक मातम पसर गया।
मां और भाई-बहन ने लगाए आरोप
मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मृतका के भाई, बहन और मां ने ही नंदिनी की मौत के लिए उसके पिता और चाचा को जिम्मेदार ठहराया है। परिजनों का कहना है कि नंदिनी की मौत सामान्य नहीं थी, बल्कि उसकी हत्या की गई है। परिवार के सदस्यों द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
वजह नहीं है साफ
हालांकि, हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ, इसका खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। यही विवाद उसकी मौत की वजह बना या घटना के पीछे कोई दूसरी वजह थी, यह पुलिस जांच का विषय है। नंदिनी की मौत के बाद ऑनर किलिंग की आशंका भी जताई जा रही है।
हालांकि, अभी पुलिस ने आधिकारिक तौर पर हत्या के पीछे सम्मान या प्रेम-प्रसंग को कारण घोषित नहीं किया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने नंदिनी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से उसकी मौत की वास्तविक वजह और गले पर किसी तरह के दबाव या चोट के निशान से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है। पुलिस अब परिवार के सदस्यों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

