दिल्ली में एक बार फिर नर्सरी की बच्ची से हैवानित का मामला सामने आया है। बवाना स्थित एक निजी स्कूल में नर्सरी की तीन साल की बच्ची के साथ कथित यौन शोषण ने सभी को एक बार फिर से झकझोर दिया है।
नई दिल्लीः दिल्ली के बवाना में एक निजी स्कूल की तीन साल की बच्ची के साथ कथित यौन शोषण का मामला सामने आया है। बच्ची नर्सरी कक्षा में पढ़ती है। पुलिस ने मामले में स्कूल की कैब चलाने वाले विकास सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर कई बार अपने साथ ले जाता था और स्कूल के अंदर उसके साथ गलत हरकत करता था।
मामला तब सामने आया जब बच्ची ने अपनी मां को अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया। बच्ची आरोपी का नाम नहीं जानती थी, लेकिन उसने बताया कि स्कूल में एक आदमी उसे चॉकलेट देता था और उसके साथ गलत व्यवहार करता था। इसके बाद माता-पिता स्कूल पहुंचे। 24 अगस्त को बच्ची को स्कूल के कर्मचारियों की तस्वीरें और सीसीटीवी फुटेज दिखाए गए, जिसमें उसने आरोपी ड्राइवर की पहचान की गई, जिससे मामले की पर्दाफाश हुआ। बच्ची की हिम्मत से आरोपी तक पहुंचा जा सका।
करीब 8 महीने से स्कूल में चला रहा था कैब
पुलिस के मुताबिक, आरोपी करीब आठ महीने से स्कूल में कैब ड्राइवर के तौर पर काम कर रहा था। बच्ची की पहचान होने के बाद उसके माता-पिता ने बवाना थाने में शिकायत दी। इसके बाद पुलिस ने यौन अपराध और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की और आरोपी को स्कूल परिसर से गिरफ्तार कर लिया।
चॉकलेट देकर बच्ची के पीछे जाता था
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर बच्ची के वॉशरूम जाने के दौरान उसके पीछे जाता था। पुलिस के अनुसार, वह उसे चॉकलेट देता और सीढ़ियों के पास ले जाकर उसके साथ गलत हरकत करता था। जांच में बच्ची के साथ ऐसी घटना कई बार होने की बात सामने आई है।
सीसीटीवी में चॉकलेट लेकर दिखा आरोपी
पुलिस ने स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली है। जांचकर्ताओं के अनुसार, कई फुटेज में आरोपी हाथ में चॉकलेट लेकर बच्चों के आसपास दिखाई दे रहा है। पुलिस अब फुटेज की मदद से पूरी घटना की कड़ी जोड़ने और यह पता लगाने में जुटी है कि उसने किसी और बच्चे को भी निशाना बनाया या नहीं।
मोबाइल में मिले बच्चों के वीडियो
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जांच के दौरान फोन में छोटे बच्चों को चॉकलेट खिलाते हुए उसके कई वीडियो मिलने की बात सामने आई है। पुलिस अब वीडियो में दिख रहे बच्चों की पहचान करने की कोशिश कर रही है और जरूरत के अनुसार उनकी काउंसलिंग कराई जा रही है।
जांच जारी, स्कूल की सुरक्षा भी सवालों में
पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन और स्कूल से जुड़े दूसरे सबूतों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने स्कूल में काम करने के दौरान किसी और बच्चे के साथ ऐसी हरकत तो नहीं की। मामले की जांच पॉक्सो एक्ट के तहत जारी है।

