बड़वानी पुलिस के दो कॉन्स्टेबल एक आरोपी को बाइक से लेकर जेल जा रहे थे। रास्ते में आरोपी ने बाइक को जोर से हिलाया और दोनों कॉन्स्टेबल को गिरा दिया। इसके बाद फरार हो गया। पुलिस ने खंडवा से उसे गिरफ्तार कर लिया है।
हाइलाइट्स
बड़वानी पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ आरोपी
बाइक हिलाकर दो कॉन्स्टेबल को आरोपी ने गिराया
हथकड़ी समेत आरोपी जेल जाने से पहले भागा
पुलिस ने आरोपी को खंडवा से किया गिरफ्तार
बड़वानी: पुलिस हिरासत से फरार होने के लिए आरोपी ने ऐसा तरीका अपनाया कि उसे ले जा रहे दोनों आरक्षक सड़क पर गिर पड़े और वह हथकड़ी समेत मौके से भाग निकला। बड़वानी पुलिस ने 72 घंटे तक लगातार तलाश के बाद आरोपी शुभम मानकर (22) को खंडवा जिले के आसपास से गिरफ्तार कर लिया। फरारी के दौरान आरोपी ने अपने हाथ से हथकड़ी निकालकर उसे पहाड़ी के पास गड्ढा खोदकर छिपा दिया था, जिसे पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बरामद कर लिया।
कोर्ट ने बड़वानी जेल भेजने के दिए थे निर्देश
बड़वानी पुलिस के मुताबिक, जुलवानिया थाना पुलिस ने 27 अगस्त को शुभम मानकर, पिता सुभाष मानकर, निवासी जुलवानिया को शांति भंग करने के आरोप में बीएनएसएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसे एसडीएम राजपुर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने आरोपी को केंद्रीय जेल बड़वानी भेजने के निर्देश दिए थे।
बाइक से ले जा रहे थे जेल
न्यायालय के आदेश के बाद आरक्षक सुनील और आरक्षक वीरेंद्र आरोपी को बाइक से करीब 35 किलोमीटर दूर बड़वानी स्थित केंद्रीय जेल ले जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, बड़वानी पहुंचने के बाद केंद्रीय जेल से करीब 500 मीटर पहले पुराने सर्किट हाउस के सामने आरोपी ने अचानक बाइक को जोर से हिलाना शुरू कर दिया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और दोनों आरक्षक घायल हो गए।
हथकड़ी समेत हो गया फरार
इसी दौरान आरोपी मौके का फायदा उठाकर हथकड़ी समेत फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ला ने ₹2000 का इनाम घोषित कर आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कीं। घायल दोनों आरक्षकों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, आरोपी के खिलाफ हिरासत से फरार होने का प्रकरण भी दर्ज किया गया।
गड्ढा खोदकर छिपा दिया हथकड़ी
बड़वानी कोतवाली थाना प्रभारी बलजीतसिंह बिसेन ने बताया कि फरार होने के बाद आरोपी आशा राम रोड की ओर स्थित पहाड़ी की तरफ भागा था। वहां पहुंचने के बाद उसने अपने हाथ से हथकड़ी निकाल ली और पहाड़ी के पास गड्ढा खोदकर उसे उसमें छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसकी निशानदेही पर पहाड़ी के पास खोदे गए गड्ढे से हथकड़ी बरामद कर ली।
खंडवा भाग गया था आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि फरारी के बाद आरोपी अपने पैतृक क्षेत्र खंडवा के आसपास छिप सकता है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि वह अपनी मां और बहन के पास शरण ले सकता है। इसके बाद बड़वानी पुलिस ने खंडवा कोतवाली पुलिस को अलर्ट किया। आरोपी के खंडवा में होने की पुख्ता सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने दबिश देकर शुभम को गिरफ्तार कर लिया। कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को वापस जेल भेज दिया गया।

