अभिजीत दीपक और विरोधियों पर भाजपा सांसद के तीखे प्रहार, ‘CJP’ यानी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के नाम से तंज कसकर राजनीतिक माहौल गरमाया
मंडी। अपने बयानों को लेकर अक्सर विवादों में रहने वाली हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत एक बार फिर अपने कथित विवादित बयान को लेकर चर्चा में हैं। कंगना ने अभिजीत दीपक और राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साधते हुए ‘कॉकरोच’ का उदाहरण दिया और तीखे शब्दों में अपनी बात रखी। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
तितली और कॉकरोच का उदाहरण देकर विरोधियों पर निशाना
मीडिया से बातचीत के दौरान कंगना रनौत ने कथित तौर पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर किसी व्यक्ति को घर या सड़क पर कॉकरोच दिखाई दे, तो वह उसे हाथ में उठाने के बजाय चप्पल से ही मारेगा। वहीं, अगर तितली दिखाई दे तो लोग उसे हाथ पर बैठाने या उसके साथ तस्वीर लेने की कोशिश करते हैं। कंगना ने इसी तुलना के जरिए राजनीतिक विरोधियों पर तंज कसा और कहा कि कॉकरोच को चप्पल से ही मारा जाएगा, उसे कोई चूमेगा तो नहीं।
कंगना के इस बयान को राजनीतिक विरोधियों और उनकी आलोचना करने वालों पर सीधे हमले के तौर पर देखा जा रहा है। उनके द्वारा ‘CJP’ यानी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ जैसे शब्दों के इस्तेमाल को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सोशल मीडिया पर घमासान, विपक्ष ने साधा निशाना
कंगना का ‘चप्पल’ और ‘कॉकरोच’ वाला बयान सोशल मीडिया पर सामने आते ही विपक्षी नेताओं और नागरिकों की ओर से प्रतिक्रियाएं आने लगीं। विपक्ष की ओर से आरोप लगाया जा रहा है कि एक जिम्मेदार सांसद को सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।
आलोचकों का कहना है कि महंगाई, बेरोजगारी और आम जनता से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय इस तरह की बयानबाजी से राजनीतिक बहस का स्तर गिरता है। कुछ विरोधियों ने यह भी आरोप लगाया कि ऐसे बयान मीडिया का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश हैं।
कंगना के बयान से भाजपा संगठन के सामने फिर चुनौती
कंगना रनौत इससे पहले भी किसान आंदोलन और अन्य विवादित मुद्दों पर दिए गए बयानों को लेकर चर्चा में रह चुकी हैं। उनके ताजा बयान ने एक बार फिर भाजपा संगठन के लिए राजनीतिक असहजता की स्थिति पैदा कर दी है।
अब देखना होगा कि कंगना के इस बयान पर विपक्ष की ओर से आगे किस तरह की राजनीतिक प्रतिक्रिया सामने आती है और क्या भाजपा संगठन इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया देता है। फिलहाल, बयान को लेकर सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में बहस तेज है।

