Homeभारतमध्यप्रदेशसात फीट गहरे में पानी में फंसा ट्रक, घनघोर अंधेरे के बीच...

सात फीट गहरे में पानी में फंसा ट्रक, घनघोर अंधेरे के बीच तैरते हुए पहुंचे थाना प्रभारी, ड्राइवर और क्लीनर को बचाया

मैहर में उफनते नाले को पार करना ट्रक ड्राइवर और क्लीनर को भारी पड़ गया है। मर्जुआ नाले के पास सात फीट गहरे पानी में जाकर ट्रक फंस गया है। थाना प्रभारी ने अदम्य साहस दिखाते हुए दोनों का रेस्क्यू किया है। साथ ही उसके पैर में कांटे भी चुभे हैं।

हाइलाइट्स

मध्य प्रदेश के मैहर में नाले के गहरे पानी में फंसा ट्रक
चौकी प्रभारी ने अपनी जान पर खेलकर ड्राइवर औक क्लीनर की बचाई जान
आधी रात को तैरते हुए उन तक पहुंचे
रस्सा बांधकर दोनों को वहां से सुरक्षित निकाला

मध्यप्रदेश के मैहर जिले में भारी बारिश के बीच जान जोखिम में डालकर उफनते नाले को पार करने का दुस्साहस सीधी के एक ट्रक चालक और क्लीनर को भारी पड़ गया। गुरुवार की देर रात ताला थाना क्षेत्र के मर्जुआ नाले के भीषण बहाव में ट्रक अनियंत्रित होकर सात फीट गहरे पानी के बीच जा फंसा। चारों तरफ से सैलाब से घिरे दोनों युवक मौत के मुहाने पर पहुंच गए थे। ऐसे संकट के समय मुकुंदपुर चौकी प्रभारी ने अदम्य साहस दिखाते हुए करीब 300 मीटर तक उफनती धारा में तैरकर दोनों की जान सुरक्षित बचा ली।

सीधी से सतना जा रहा था वाहन

जानकारी के अनुसार, सीधी जिले से सतना की ओर जा रहा ट्रक (क्रमांक MP 19 ZR 7976) जैसे ही ताला क्षेत्र के मर्जुआ नाले के पास पहुंचा, नाला पूरे उफान पर था। पुलिस ने खतरे को देखते हुए इस रास्ते पर पहले ही आवाजाही रोक दी थी। इसके बावजूद चालक राकेश शाहू (34 वर्ष, निवासी बहरी, सीधी) और क्लीनर इन्द्रकमल द्विवेदी (28 वर्ष, निवासी सिहोलिया बहरी, सीधी) ने लापरवाही बरतते हुए वाहन को तेज बहाव में आगे बढ़ा दिया। कुछ ही दूरी पर ट्रक करीब 7 फीट गहरे पानी में बंद होकर फंस गया और पानी का स्तर लगातार बढ़ने लगा।

चौकी प्रभारी ने दिखाई बहादुरी

हादसे की खबर मिलते ही ताला थाना पुलिस और मुकुंदपुर चौकी पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। हालात की गंभीरता को देखते हुए मुकुंदपुर चौकी प्रभारी नागेश्वर मिश्रा खुद पानी में कूद पड़े। वे करीब 250 से 300 मीटर तक तेज बहाव में तैरते हुए फंसे हुए ट्रक तक पहुंचे।

उन्होंने ग्रामीणों के सहयोग से ट्रक में बंधी मजबूत रस्सी को सुरक्षित छोर से बंधवाया। करीब दो घंटे तक चले इस कठिन और साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चालक और क्लीनर को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान पानी के भीतर झाड़ियों और कांटों से चौकी प्रभारी के पैरों में चोटें भी आईं, लेकिन उन्होंने रेस्क्यू जारी रखा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments