Homeभारतमध्यप्रदेशफ्रीजर में वेज और नॉनवेज एक साथ, किचन में कॉकरोच और चूहों...

फ्रीजर में वेज और नॉनवेज एक साथ, किचन में कॉकरोच और चूहों की लीद, इंदौर में फाइव स्टार होटल का हाल कर देगा हैरान

इंदौर के फाइव स्टार होटल में बड़ी खामी मिली है। वेज और नॉनवेज एक साथ फ्रीजर में रखी थीं। इसके साथ ही किचन में कॉकरोच और चूहों की लीद मिल रही है। ड्राय स्टोरेज वाले कमरे में भी कई खामियां मिली हैं।

हाइलाइट्स
इंदौर में फाइव स्टोर होटल पर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी
एक साथ रखा हुआ था वेज और नॉनवेज फूड
किचन में कॉकरोच और चूहों की लीद मिली
ड्राय स्टोरेज में भी मिलीं कई खामियां

इंदौर: फाइव स्टार होटल के किचन में खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कई गंभीर खामियां सामने आई हैं। गुरुवार रात खाद्य विभाग और एफएसएसएआई की टीम ने होटल और क्लब में संचालित किचन का निरीक्षण किया। करीब रात 10.00 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई के दौरान खाद्य सामग्री के रखरखाव, स्टोरेज, तापमान, साफ-सफाई और लाइसेंस की जांच की गई। जांच के दौरान टीम को कई अनियमितताएं मिलीं है।

वेज और नॉनवेज एक साथ रखी मिली

निरीक्षण के दौरान कोल्ड स्टोरेज में वेज और नॉनवेज एक साथ रखी मिली। करीब 66 किलो नॉनवेज सामग्री बिना पैकिंग के मिली। इस पर निर्माण तारीख से जुड़ा लेबल भी नहीं था। सी-फूड, चिकन और मटन को अलग-अलग रखने के बजाय एक ही स्टोरेज में रखा गया था। खाद्य सामग्री को जिस निर्धारित तापमान पर रखा जाना चाहिए उसका भी उचित पालन नहीं किया जा रहा था। जांच दल में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष स्वामी, एफएसएसएआई पश्चिम रीजन के अधिकारी, डिप्टी कलेक्टर रितु जाट, तहसीलदार सपना शर्मा सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।

मूंगफली में फंगस, सड़े आलू-टमाटर भी मिले

होटल के स्टोर और किचन की जांच के दौरान मूंगफली में फंगस मिली। इसके अलावा सब्जियों के स्टोर में सड़े हुए आलू और टमाटर भी रखे मिले। कई खाद्य उत्पाद बिना उचित लेबल के पाए गए। कुछ टॉपिंग के टेट्रापैक लीक मिले। इससे खाद्य सामग्री के खराब होने या दूषित होने की आशंका सामने आई।

कॉकरोच और चूहों की लीद भी मिली

किचन और होटल परिसर में कॉकरोच के साथ चूहों की लीद भी मिली। जांच के दौरान किचन में चूहे दिखाई देने की बात भी सामने आई। पैलेट के नीचे चूहों की मौजूदगी के संकेत मिले। ड्राय स्टोरेज वाले कमरे की दीवार और फर्श में दरारें मिलीं। प्लेट्स के नीचे भी गंदगी पाई गई। किचन में खाद्य सामग्री रखने वाले कुछ कंटेनर और नॉनवेज स्टोरेज के बर्तन जंग लगे हुए मिले। भोजन तैयार करने वाले प्लेटफार्म पर भी जंग पाया गया।

कुल्फी और फ्रोजन डेजर्ट की लेबलिंग में भी खामी

जांच के दौरान फ्रिज में रखी पैक्ड कुल्फी पर मैन्युफैक्चरिंग डेट, एक्सपायरी डेट और बैच नंबर दर्ज नहीं मिले। वहीं स्टोर में फ्रोजन डेजर्ट रखा था लेकिन होटल के मेन्यू में उसे आइसक्रीम के नाम से दर्शाया गया था। उबले आलू के पैकेट की एक्सपायरी डेट से जुड़ी जानकारी में भी खामी पाई गई।

सूखी खाद्य सामाग्री वाली जगह भी सफाई नहीं

सूखी खाद्य सामग्री रखने वाले कमरे में भी व्यवस्था ठीक नहीं मिली। यहां फर्श और दीवार में क्रैक पाए गए। शुगर पाउच पर सयाजी नाम अंकित था जबकि संबंधित उत्पाद या श्रेणी लाइसेंस में दर्ज नहीं होने की बात जांच में सामने आई।

लाइसेंस में नॉनवेज और बेकरी का उल्लेख नहीं

खाद्य विभाग की जांच में होटल के लाइसेंस को लेकर भी सवाल उठे हैं। अधिकारियों के अनुसार होटल के पास एफएसएसएआई का सेंट्रल कैटेगरी लाइसेंस नहीं मिला। वहीं होटल के मौजूदा लाइसेंस में नॉनवेज गतिविधि का उल्लेख नहीं है जबकि मौके पर नॉनवेज खाद्य सामग्री का निर्माण और उपयोग पाया गया।

इसके अलावा होटल में बेकरी आइटम और मिठाइयों का निर्माण भी किया जा रहा था लेकिन लाइसेंस में इन गतिविधियों का उल्लेख नहीं होने की बात सामने आई। फाइव स्टार से ऊपर की श्रेणी के होटलों के लिए एफएसएसएआई की संबंधित कैटेगरी के लाइसेंस की आवश्यकता होती है। इस मामले में खाद्य विभाग ने लाइसेंस से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की है।

कचरा प्रबंधन में भी मिली गड़बड़ी

निरीक्षण के दौरान कचरा प्रबंधन की व्यवस्था में भी कमी मिली। गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग व्यवस्था नहीं थी। इसके अलावा इस्तेमाल किया हुआ खाना पकाने का तेल ड्रेनेज में डाले जाने की बात भी जांच में सामने आई। अधिकारियों ने इसे भी खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था से जुड़ी गंभीर कमी माना है।

पनीर, नॉनवेज, मूंगफली और ड्रायफ्रूट के सैंपल लिए

खाद्य विभाग की टीम ने होटल से पनीर, कच्चे नॉनवेज, पैक्ड पनीर, मूंगफली, सौंफ और ड्रायफ्रूट्स सहित अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए हैं। इन सैंपलों को जांच के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की स्थिति स्पष्ट होगी। इसके आधार पर होटल के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments