समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ का दूसरा सीजन इतना हिट हुआ कि पाकिस्तान में इसकी कॉपी करने वाला शो भी शुरू हो गया। ‘पाकिस्तान्ज गॉट लेटेंट’ के नाम से शुरू हुआ शो हर तरफ चर्चा बटोर रहा है और भारत में इसकी खूब आलोचना भी हो रही है।
समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के दूसरे सीजन को अच्छा रिस्पॉन्स मिलने के बाद, अब इसका एक पाकिस्तानी वर्जन भी आ गया है, जिसका नाम ‘पाकिस्तान्ज गॉट लेटेंट’ है। हालांकि अभी इस शो के एपिसोड रिलीज नहीं हुए हैं, लेकिन इसके मेकर्स इंस्टाग्राम पेज पर प्रमोशनल वीडियो शेयर कर रहे हैं। इस शो की आधिकारिक घोषणा 9 नवंबर को की गई थी। 11 नवंबर को मशहूर कॉमेडियन शकील सिद्दीकी और रऊफ लाला के साथ-साथ एक्ट्रेस राखी सावंत ने भी इस शो को प्रमोट किया। समय के शो के इस पाकिस्तानी वर्जन पर भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स की तरफ से भी काफी तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिली हैं।
कुछ दिन पहले, ‘पाकिस्तान्ज गॉट लेटेंट’ के मेकर्स ने शो के पैनल की घोषणा की, जिसमें शरहबिल सिद्दीकी, मथिरा, मुजम्मिल मेसिया और उस्मान मजहर शामिल हैं। जहां शरहबिल एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं, वहीं उस्मान मजहर एक जाने-माने स्टैंड-अप कॉमेडियन हैं। मथिरा भी पाकिस्तान की एक मशहूर सेलिब्रिटी हैं। प्रोमो के अनुसार, ‘सुनो चंदा’ और ‘दर-ए-निजात’ के एक्टर अदनान शाह टीपू इस शो में गेस्ट के तौर पर नजर आएंगे। शो में आने वाली अन्य हस्तियों में फिरोज खान और हुमैमा मलिक भी शामिल हैं।
‘पाकिस्तान्ज गॉट लेटेंट’ की आलोचना
हाल ही के प्रोमो में, मथिरा को एक कंटेस्टेंट द्वारा अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए जाने पर आपत्ति जताते हुए देखा जा सकता है। इस बीच, समय रैना के शो के पाकिस्तानी वर्जन की सोशल मीडिया यूजर्स ने आलोचना की है, और मेकर्स पर भारतीय शो की नकल करने का आरोप लगाया है।
समय रैना के फैंस ने लताड़ा
इंस्टाग्राम के एक यूजर ने कमेंट किया- क्या आप लोगों के पास कोई ओरिजिनल आइडिया नहीं है? यह पूरी तरह से भारत से कॉपी किया गया है। एक और यूज़र ने लिखा- हर बेहतरीन चीज की एक सस्ती कॉपी होती है। तीसरे यूज़र ने कमेंट किया- समय रैना, कॉपी करने के लिए एक नोटिस भेज दो, भाई! एक और कमेंट में लिखा था- कॉपी करते हो तो कम से कम नाम तो बदल लिया करो।
ट्विटर पर लोगों ने पकड़ी गर्दन
सिर्फ इंस्टाग्राम पर ही नहीं, बल्कि X पर भी कई लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। एक यूजर ने लिखा- पाकिस्तान ने ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ की कॉपी करके ‘पाकिस्तानज गॉट लेटेंट’ शो बना दिया। ओरिजिनल शो बनाना सबके बस की बात नहीं है, इसलिए उन्होंने बस कॉपी-पेस्ट (Ctrl+C, Ctrl+V) करके काम चला लिया। एक और यूज़र ने लिखा- ये लोग चोर हैं, ये कुछ भी चुरा सकते हैं। एक कमेंट में लिखा था- कॉपी-पेस्ट करने की भी एक हद होती है। चाहे टैलेंट हो या शो का कॉन्सेप्ट, इन्हें सब कुछ भारत से ही उठाना पड़ता है। ये कभी कोई ओरिजिनल आइडिया नहीं सोच पाए। कॉपी करना तो आसान है, लेकिन वो सेंस ऑफ ह्यूमर कहां से लाओगे?
पहली बार पाकिस्तान में ऐसा नहीं हुआ
यह पहली बार नहीं है जब किसी पाकिस्तानी शो की तुलना किसी भारतीय शो से की गई हो। पाकिस्तान के रियलिटी शो ‘तमाशा’ (2022) की तुलना अक्सर ‘बिग बॉस’ से की जाती रही है। पाकिस्तानी ड्रामा ‘वेरी फिल्मी’ में भी कई बॉलीवुड फिल्मों के सीन्स को फिर से फिल्माया गया था। वहीं, पाकिस्तानी सिटकॉम ‘चना जोर गरम’ पर लोकप्रिय भारतीय कॉमेडी शो ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ की नकल करने का आरोप लगा था। ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ के लेखक आतिश कपाड़िया और एक्टर राजेश कुमार ने सार्वजनिक रूप से इस शो की आलोचना भी की थी।
समय रैना का शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’
समय रैना का शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ 2024 में शुरू हुआ था। हालांकि इस शो की आलोचना अभद्र भाषा और विवादित कॉमेडी के इस्तेमाल के लिए पहले ही हो रही थी, लेकिन फरवरी 2025 में यह एक बड़े विवाद में फंस गया। दरअसल, एक एपिसोड के दौरान यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया ने एक कंटेस्टेंट के माता-पिता के बारे में अनुचित टिप्पणी कर दी थी। इस कमेंट के बाद भारी विरोध हुआ, पुलिस में शिकायतें दर्ज कराई गईं और कई FIR भी हुईं, जिसके चलते रैना ने शो के एपिसोड्स को यूट्यूब से हटा दिया।
‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ का दूसरा सीजन हो रहा स्ट्रीम
जून 2026 में रैना ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के दूसरे सीजन के साथ वापस लौटे। यह सीजन 20 जून को शुरू हुआ और नेटफ्लिक्स इंडिया के साथ यूट्यूब पर एक साथ स्ट्रीम हो रहा है।

