एक्ट्रेस समीरा रेड्डी ने बॉलीवुड के मुकाबले साउथ सिनेमा को बेहतर बताते हुए कहा कि उन्हें साउथ इंडस्ट्री में ज्यादा सम्मान, पैसा, स्टारडम और दर्शकों का प्यार मिला। इसके साथ ही उन्होंने अपने फिल्मी ब्रेक, संजय दत्त की फिल्म से वापसी और नई मांओं के वर्किंग आवर्स पर भी अपनी राय रखी।
हाइलाइट्स
समीरा रेड्डी ने कहा कि बॉलीवुड के मुकाबले साउथ सिनेमा में उन्हें ज्यादा सम्मान, पैसा और स्टारडम मिला।
एक्ट्रेस ने बताया कि साउथ के दर्शक 18 साल बाद भी उन्हें ‘वारनम आयिरम’ की मेघना के नाम से याद करते हैं।
दीपिका पादुकोण के वर्किंग आवर्स विवाद पर समीरा ने कहा कि नई मांओं और प्रोड्यूसर्स, दोनों का पक्ष समझना जरूरी है।
साल 2002 में ‘मैंने दिल तुझको दिया’ से बॉलीवुड डेब्यू करने वालीं समीरा रेड्डी ने साउथ सिनेमा में भी जमकर काम किया है। इसी साल ‘आखिरी सवाल’ में नजर आईं 47 साल की एक्ट्रेस ने अब कहा है कि साउथ सिनेमा ने उन्हें बॉलीवुड के मुकाबले कहीं ज्यादा सम्मान, पैसा और स्टारडम दिया मिला। उन्होंने फिल्मी सेट पर नई मांओं के काम करने के घंटों पर भी दो टूक राय दी है।
समीरा रेड्डी करीब 13 साल फिल्मों से दूर रहीं, इस बीच मां बनने की जिम्मेदारी और साउथ सिनेमा को लेकर उन्होंने ‘हिंदुस्तान टाइम्स’ से खुलकर बात की है। उन्होंने दीपिका पादुकोण का जिक्र करते हुए कहा कि मां बनने के बाद बच्चों की देखभाल और शूटिंग के बीच संतुलन बनाना आसान नहीं होता, लेकिन प्रोड्यूसर की परेशानियों को भी समझना जरूरी है।
साउथ फिल्मों को लेकर भी किया खुलासा
समीरा रेड्डी ने हाल ही में फिल्मों में वापसी की है। वह पिछले कुछ सालों से गोवा में रहकर अपने दोनों बच्चों की परवरिश पर ध्यान दे रही थीं। एक इंटरव्यू में उन्होंने अपनी फिल्मों में वापसी, दीपिका पादुकोण से जुड़ी वर्किंग आवर्स की बहस और साउथ सिनेमा में अपने अनुभव के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि बॉलीवुड के मुकाबले साउथ फिल्म इंडस्ट्री में उन्हें ज्यादा सम्मान, स्टारडम और बेहतर काम का पैसा मिला।
संजय दत्त ने वीकेंड पर शूटिंग करने की दी सुविधा
‘हिंदुस्तान टाइम्स’ के साथ बातचीत में समीरा रेड्डी ने संजय दत्त के साथ दोबारा काम करने का अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा, ‘यह बहुत शानदार रहा। संजय के साथ पहले भी दो-तीन फिल्में कर चुकी हूं, इसलिए उनके साथ फिर से काम करना बहुत सहज रहा। इस फिल्म के प्रोड्यूसर भी संजय ही थे और उनका व्यवहार बहुत अच्छा था।’
बच्चों की वजह से फिल्मों से बनाई थी दूरी
समीरा ने बताया कि पिछले कुछ सालों में उन्होंने फीचर फिल्में या OTT प्रोजेक्ट्स इसलिए नहीं किए, क्योंकि वह गोवा में रहती हैं और अपने बच्चों की देखभाल में पूरी तरह शामिल हैं। उनकी सुबह से रात तक की जिंदगी बच्चों के इर्द-गिर्द घूमती है। ऐसे में शूटिंग के लिए उन्हें हफ्तों तक छोड़कर जाना मुश्किल था।
हर वीकेंड मुंबई आकर की शूटिंग
एक्ट्रेस ने बताया कि संजय दत्त ने उनके शेड्यूल को ध्यान में रखते हुए उन्हें वीकेंड पर शूटिंग करने की सुविधा दी थी। उन्होंने कहा, ‘लेकिन संजय ने मुझे सुविधा दी और कहा, बस वीकेंड पर आकर शूटिंग कर लो। इस व्यवस्था की वजह से, मैंने दो-तीन महीनों तक हर वीकेंड शूटिंग की और मुझे यह बहुत अच्छा लगा।’
नई मांओं के लिए शूटिंग के घंटे एडजस्ट करना कितना जरूरी?
दीपिका पादुकोण के नई मांओं के वर्किंग आवर्स को लेकर दिए गए बयान पर समीरा ने कहा कि उन्हें लंबे समय तक काम करने या एक्स्ट्रा शिफ्ट करने से कोई परेशानी नहीं हुई। वह अपने प्रोड्यूसर के लिए काम समय पर और अच्छे से पूरा करना चाहती थीं, खासकर इसलिए क्योंकि वह मुंबई में नहीं रहती हैं।
‘एक नई मां बनने के साथ बहुत ज्यादा दबाव भी आता है’ समीरा रेड्डी, एक्ट्रेस
ब्रेस्टफीडिंग और हार्मोनल बदलावों के बीच काम करना आसान नहीं
समीरा ने कहा, ‘इसके बावजूद, एक नई मां बनने के साथ बहुत ज्यादा दबाव भी आता है। ब्रेस्टफीडिंग, हार्मोनल चैंज और काम को एक साथ संभालना आसान नहीं होता।’ उन्होंने आगे कहा कि अगर कोई प्रोड्यूसर कलाकार की जरूरत के हिसाब से चीजें एडजस्ट कर सकता है, तो यह दोनों तरफ से समझने वाली बात है। लेकिन अगर प्रोड्यूसर के लिए ऐसा करना मुमकिन नहीं है, तो सभी को उसकी स्थिति भी समझनी चाहिए।
प्रोड्यूसर के नजरिए को भी समझना जरूरी
एक्ट्रेस ने कहा कि फिल्म के सेट पर हर दिन काफी बड़ा आर्थिक निवेश होता है और शूटिंग में देरी होने से प्रोड्यूसर को भारी नुकसान हो सकता है। इसलिए इस मामले में दोनों पक्षों की बात समझना और उनका सम्मान करना जरूरी है। दीपिका पादुकोण के रुख पर सीधे टिप्पणी करने से बचते हुए समीरा ने कहा, ‘मैं समझती हूं कि वह एक बेहतरीन एक्ट्रेस हैं और अगर उन्हें किसी चीज की जरूरत थी, तो वह उनके लिए जरूरी ही रही होगी। लेकिन आप इस मामले में केवल एकतरफा नजरिया नहीं रख सकते।’
‘मेरे लिए दक्षिण भारतीय फिल्मों का अनुभव बॉलीवुड के अनुभव से कहीं बेहतर।’ समीरा रेड्डी, एक्ट्रेस
बॉलीवुड से ज्यादा शानदार रहा साउथ फिल्मों में अनुभव
समीरा रेड्डी ने बॉलीवुड और साउथ सिनेमा में अपने लंबे करियर की तुलना करते हुए कहा कि दक्षिण भारतीय फिल्मों में उनका अनुभव बहुत शानदार रहा। उन्होंने चिरंजीवी, जूनियर एनटीआर, सूर्या, अजित और मोहनलाल जैसे बड़े सितारों के साथ काम किया है और उनके साथ अपने अनुभव को अच्छा बताया। उन्होंने कहा, ‘हर किसी का सफर अलग होता है, लेकिन मेरे लिए दक्षिण भारतीय फिल्मों का अनुभव बॉलीवुड के अनुभव से कहीं बेहतर था।’
साउथ में मिला ज्यादा सम्मान और स्टारडम
समीरा के मुताबिक, साउथ इंडियन फिल्म इंडस्ट्री में उन्हें जो सम्मान, कलात्मक महत्व, पारिश्रमिक और स्टारडम मिला, वह हिंदी सिनेमा के मुकाबले कहीं ज्यादा था। उन्होंने बताया कि 18 साल बाद भी साउथ के दर्शकों से उन्हें उतना ही प्यार और सम्मान मिलता है। उन्होंने कहा कि बॉलीवुड का कोई फैन शायद उन्हें देखकर कहे, ‘अरे हां, समीरा रेड्डी नाम की कोई अभिनेत्री थीं।’ वहीं साउथ के फैंस आज भी उनसे गर्मजोशी से मिलते हैं और कहते हैं, ‘हम आपसे प्यार करते हैं। आप वारनम आयिरम की हमारी मेघना हैं!’
खुद को सबसे पहले साउथ की एक्ट्रेस मानती हैं समीरा
एक्ट्रेस ने कहा कि उनके दिल में साउथ इंडियन फिल्मों के लिए हमेशा एक खास जगह रहेगी। वह आज भी खुद को सबसे पहले एक साउथ फिल्म इंडस्ट्री की एक्ट्रेस मानती हैं। उनके मुताबिक, साउथ के दर्शकों से मिला प्यार उनके लिए हमेशा खास रहेगा।
सफेद बाल और स्ट्रेच मार्क्स दिखाने में नहीं होती झिझक
सोशल मीडिया पर अपने बेबाक अंदाज को लेकर समीरा ने कहा कि वह अपना असली रूप दिखाने को किसी जिम्मेदारी की तरह नहीं देखतीं, बल्कि इससे उन्हें राहत मिलती है। सफेद बाल, स्ट्रेच मार्क्स, वजन में बदलाव और हार्मोनल बदलावों की वजह से होने वाले ब्रेकआउट्स को दिखाने से उन्हें कोई परेशानी नहीं होती।
सोशल मीडिया से मिलती है अपनी तरह जीने की आजादी
समीरा ने कहा, ‘अपना असली रूप दिखाना, इससे मेरी मानसिक सेहत बेहतर रहती है। इससे मुझे हर दिन उठकर बस मैं जैसी हूं, वैसी ही रहने की आजादी मिलती है।’ उन्होंने बताया कि पिछले छह सालों से वह सोशल मीडिया पर अपने इस सफर को पूरी ईमानदारी से साझा कर रही हैं और इस दौरान उन्होंने महिलाओं के लिए एक सेफ कम्यूनिटी भी बनाई है। एक्ट्रेस ने यह भी बताया कि अगले महीने वह 48 साल की हो जाएंगी और इसे पूरे गर्व और उत्साह के साथ मनाना चाहती हैं।
समीरा रेड्डी की ब्रेक से पहले की फिल्में?
समीरा रेड्डी की आखिरी फिल्म सिर्फ हिंदी सिनेमा में ‘तेज’ (2012) थी। जबकि, उन्होंने साल 2013 में कन्नड़ फिल्म ‘वरधनायका’ में भी काम किया था, जो उनके एक्टिंग ब्रेक से पहले रिलीज हुई आखिरी फिल्मों में शामिल थी। इसके बाद उन्होंने शादी और दोनों बच्चों की परवरिश पर ध्यान देने के लिए फिल्मों से दूरी बना ली।

