एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा की अश्लील मॉर्फ्ड तस्वीरें सोशल मीडिया पर फैलाने के मामले में दिल्ली से गिरफ्तार आर्यन दीपक जैन को मुंबई की अदालत ने रिहा करने का आदेश दिया ।
एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा की अश्लील मॉर्फ्ड तस्वीरें सोशल मीडिया पर फैलाने के मामले में एक नया मोड़ आया है। इस मामले में दिल्ली से गिरफ्तार किए गए आर्यन दीपक जैन को मुंबई की कोर्ट ने रिहा करने का आदेश दिया है। सोनाक्षी की शिकायत पर बांद्रा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया था और उससे पूछताछ के लिए तीन दिन की कस्टडी मांगी थी। लेकिन कोर्ट ने पुलिस की मांग खारिज कर दी। कोर्ट ने गिरफ्तारी के दौरान जरूरी कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं किए जाने पर सवाल उठाए।
सोनाक्षी को पता चला था कि सोशल मीडिया पर उनकी आपत्तिजनक मॉर्फ्ड यानी छेड़छाड़ की गई तस्वीरें शेयर की जा रही हैं। इसके बाद उन्होंने 13 नवंबर 2026 को पुलिस से शिकायत की थी। अब इस मामले में आरोपी की रिहाई के बाद पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी की प्रक्रिया चर्चा में है। आइए जानते हैं पूरा मामला।
सोनाक्षी की शिकायत पर दिल्ली से हुई थी गिरफ्तारी
सोनाक्षी सिन्हा की शिकायत के बाद बांद्रा पुलिस ने मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान पुलिस ने दिल्ली के रहने वाले आर्यन दीपक जैन को गिरफ्तार किया। उसे दिल्ली के शाहदरा इलाके में 14 नवंबर को जगतपुरी पुलिस स्टेशन के पास से सुबह करीब 10:11 बजे पकड़ा गया। इसके बाद पुलिस उसे फ्लाइट से मुंबई ले आई। मुंबई पहुंचने के बाद बांद्रा पुलिस ने आर्यन को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया और तीन दिन की पुलिस कस्टडी मांगी। पुलिस का कहना था कि उसे उस इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का पता लगाना है, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर सोनाक्षी की मॉर्फ्ड तस्वीरें बनाने और सोशल मीडिया पर फैलाने के लिए किया गया था।
कोर्ट ने गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर उठाए सवाल
रिपोर्ट के मुताबिक, मजिस्ट्रेट ने पुलिस से सवाल किया कि आर्यन को दिल्ली के सबसे नजदीकी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किए बिना सीधे मुंबई क्यों लाया गया? कोर्ट ने कहा कि पुलिस ने जरूरी कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं किया और इस चूक के पीछे कोई संतोषजनक वजह भी नहीं बताई। आर्यन के वकीलों अमन शाही, प्रशांत त्रिवेदी और आदित्य जैन ने भी उसकी गिरफ्तारी को गलत बताया। उन्होंने कोर्ट में कहा कि पुलिस ने न तो आर्यन को जरूरी नोटिस दिया और न ही उसे गिरफ्तारी की वजह बताई। बचाव पक्ष ने गिरफ्तारी में दिखाई गई जल्दबाजी पर भी सवाल उठाए। वकीलों ने यह भी दलील दी कि सोनाक्षी एक बड़ी सेलिब्रिटी हैं और इसी वजह से पुलिस ने इस मामले में जल्दबाजी दिखाई। उन्होंने दावा किया कि आर्यन ने कोई अपराध नहीं किया है और उसके खिलाफ लगाए गए कानूनी प्रावधान भी उस पर लागू नहीं होते।
BNSS के नियमों का पालन नहीं करने पर कोर्ट ने जताई नाराजगी
मजिस्ट्रेट ने यह भी पूछा कि क्या पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत गिरफ्तारी के लिए तय नियमों का पालन किया था। दरअसल, जिन कथित अपराधों की जांच हो रही है, उनमें अधिकतम सात साल तक की जेल हो सकती है। ऐसे मामलों में BNSS की धारा 35(1)(b) के तहत जांच अधिकारी को यह दर्ज करना जरूरी होता है कि आरोपी को गिरफ्तार करना क्यों जरूरी है। कोर्ट ने साफ कहा कि सिर्फ जांच के लिए हिरासत की जरूरत होना गिरफ्तारी को सही नहीं ठहराता। मजिस्ट्रेट ने टिप्पणी की, ‘केवल आगे की जांच की जरूरत होने भर से, कानूनी सुरक्षा उपायों का पालन किए बिना किसी को गिरफ्तार करना और हिरासत में रखना सही नहीं ठहराया जा सकता।’

