आर्यवीर सहवाग ने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की, लेकिन मौका मिलने पर चौके-छक्के लगाने से नहीं चूके। उन्होंने 69 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद आसानी से बड़े शॉट खेलते हुए शतक लगाया।
अल अमेरात: अंडर 19 एशिया कप 2026 में आर्यवीर सहवाग ने यूएई के खिलाफ शानदार शतक लगाया है। उन्होंने 13 चौकों और 2 छक्कों की मदद से अपना शतक पूरा किया। उनकी इस पारी में धैर्य और आक्रामकता का अनूठा मेल देखने को मिला। उन्होंने अच्छी गेंदों का सम्मान किया और डॉट बॉल की चिंता नहीं की, लेकिन मौका मिलने पर बड़े शॉट खेलने से भी नहीं चूके। पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर ने 131 गेंदों में अपना शतक पूरा किया।
आर्यवीर ने इस पारी के दौरान अपने पिता वाले तेवर दिखाए। उन्होंने रन भागने की ज्यादा परवाह नहीं की। अच्छी गेंदों का सम्मान किया और मौका मिलते ही चौका या छक्का लगा दिया। उन्होंने पहले विकेट के लिए कप्तान लक्ष्य के साथ धीमी, लेकिन जरूरी अर्धशतकीय साझेदारी की। इस जोड़ी ने कुल 62 रन जोड़े।
विनीत के साथ की शतकीय साझेदारी
आर्यवीर ने वीके विनीत के साथ दूसरे विकेट के लिए शानदार शतकीय साझेदारी की। इस दौरान सहवाग ने बेहद तेज गति से रन बनाए। उन्होंने खुलकर बड़े शॉट खोले और भारत का स्कोर 150 रन के पार ले गए। उनकी पारी के दम पर भारत ने 35 ओवर में ही 169 रन बना लिए थे और आखिरी 15 ओवर में टीम इंडिया के पास विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करने के लिए 9 विकेट भी बचे हुए थे।
नेपाल के खिलाफ खेली थी तूफानी पारी
आर्यवीर सहवाग ने नेपाल के खिलाफ भी तूफानी पारी खेली थी। उन्होंने 52 गेंदों में नाबाद 70 रन बनाए थे। उनकी इस पारी में 7 चौके और 4 छक्के शामिल थे। आर्यवीर की शानदारी पारी के चलते भारत ने 10 विकेटसे जीत हासिल की थी। इस मैच में कप्तान लक्ष्य के साथ उन्होंने 129 रन की नाबाद साझेदारी की थी। लक्ष्य ने भी नाबाद 53 रन बनाए थे।
पाकिस्तान के खिलाफ फेंका था विकेट
पाकिस्तान के खिलाफ मैच में भी आर्यवीर ने पाकिस्तानी तेज गेंदबाजों का मुश्किल स्पेल निकाल दिया था। वह 40 गेंद पर 22 रन बनाकर आउट हुए थे। अगर वह खराब शॉट खेलकर आउट नहीं होते तो इस मैच में भी उनके पास अच्छी पारी खेलने का मौका था और उन्होंने इसकी नींव भी रख दी थी। हालांकि, वह सिर्फ एक चौका और एक छक्का लगाकर आउट हो गए थे। इस मैच में उन्होंने इसकी कसर पूरी की है।

