दिल्ली की जेलों में तंबाकू और नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए गृह विभाग ने बिना नुकसान पहुंचाए प्रतिबंधित सामान की पहचान करने वाली अत्याधुनिक स्कैनिंग मशीन खरीदने का निर्देश दिया है।
नई दिल्ली: दिल्ली की जेलों में तंबाकू और अन्य प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अब ऐसी मशीन खरीदने की तैयारी की जा रही है, जो बिना नुकसान पहुंचाए प्रतिबंधित सामान की पहचान कर सके। इसके लिए दिल्ली सरकार के गृह विभाग ने जेल प्रशासन को उपयुक्त उपकरण तलाशने और खरीद का प्रस्ताव पेश करने का निर्देश दिया है।
गृह विभाग की बैठक में किया गया विचार
गृह विभाग की ओर से हाल ही में हुई बैठक में इस मामले पर गंभीरता से विचार किया गया। विशेष सचिव (गृह-II) की अध्यक्षता में हुई बैठक में जेलों को भेजी गई शिकायतों और अन्य गंभीर मुद्दों पर कार्रवाई की समीक्षा की गई। इसमें प्रतिबंधित सामान की तस्करी जैसे मामलों पर संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई।
सामान की चेकिंग के लिए स्कैनिंग मशीन उपलब्ध नहीं
जानकारी के अनुसार, जेलों में नशे की आपूर्ति पर लगाम लगाने के लिहाज से इसे अहम माना जा रहा है। बैठक में इस पर चिंता जताई गई कि जेलों में प्रतिबंधित सामान और ड्रग्स कैसे पहुंच रहे हैं। यह मुद्दा भी उठा कि कुछ कैदी जेलों के भीतर तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों की आपूर्ति में शामिल हैं। एक वजह यह भी बताई गई कि जेलों में ऐसे सामान की पहचान के लिए उपयुक्त स्कैनिंग मशीन उपलब्ध नहीं है।
गृह विभाग के विशेष सचिव ने दिए निर्देश
इस पर विशेष सचिव ने ऐसी मशीन या उपकरण तलाशने का निर्देश दिया है, जिससे प्रतिबंधित पदार्थों और अन्य अवैध सामान का पता लगाया जा सके और तलाशी के दौरान किसी को नुकसान भी न पहुंचे। अधिकारियों को मशीन खरीदने के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। इसकी जिम्मेदारी तिहाड़ जेल हेडक्वॉर्टर के अधिकारी को दी गई है।

