मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के उन्हेल थाना क्षेत्र के नागझिरी गांव में पुराने मारपीट के मामले में आरोपी की तलाश करने गई पुलिस टीम पर परिजनों ने लाठी और पत्थरों से हमला कर दिया। बुधवार दोपहर हुई इस घटना में सब इंस्पेक्टर समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि एसआई की वर्दी भी फाड़ दी गई।
उज्जैन: जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पुराने मामले के एक आरोपी की तलाश करने गई पुलिस टीम पर उसके परिजनों और ग्रामीणों ने लाठी-पत्थरों से हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में सब इंस्पेक्टर समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए, और हमलावरों ने एसआई की वर्दी भी फाड़ दी। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ तेज कर दी है। यह पूरी घटना उज्जैन के उन्हेल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नागझिरी गांव की है। बुधवार दोपहर को हुई इस झड़प के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
8 दिन से थाने नहीं पहुंच रहा था आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, नागझिरी गांव निवासी कंचनबाई बंजारा ने करीब आठ दिन पहले अपने पड़ोसी सरदार सिंह बंजारा के खिलाफ मारपीट और गाली-गलौज की शिकायत उन्हेल थाने में दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी सरदार सिंह पिता गब्बर बंजारा को पूछताछ और मामले के निराकरण के लिए कई बार थाने बुलाया था, लेकिन वह पिछले आठ दिनों से थाने नहीं पहुंच रहा था।
खेत पर बने मकान में तलाशने पहुंची थी टीम
बुधवार दोपहर करीब 12 बजे सब इंस्पेक्टर धारा सिंह चावड़ा अपनी टीम के साथ शासकीय वाहन से नागझिरी गांव पहुंचे। इस टीम में आरक्षक अखिलेश यादव, पंकज खरते, विक्रम राघव और महिला आरक्षक नेहा भालसे शामिल थीं। पुलिसकर्मी जब आरोपी की तलाश करते हुए उसके खेत पर बने मकान पर पहुंचे, तो वहां मौजूद लोगों ने उग्र रूप धारण कर लिया।
चार पुलिसकर्मियों को आईं चोट
आरोपियों के परिजनों और समर्थकों ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर लाठियों और पत्थरों से हमला बोल दिया। इस हमले में एसआई चावड़ा सहित चार पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं। हमलावरों ने हाथापाई करते हुए एसआई के साथ मारपीट की और उनकी वर्दी भी फाड़ डाली।
सात आरोपियों पर केस दर्ज, गांव में निकाला फ्लैग मार्च
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी संतोष चौहान ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने वाले सात नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। इसके साथ ही पूछताछ के नाम पर दो महिलाओं और एक पुरुष को हिरासत में लिया गया है। घटना के तुरंत बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता में सुरक्षा का भाव पैदा करने के लिए पुलिस बल ने नागझिरी गांव में फ्लैग मार्च भी निकाला। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

