Homeभारतमध्यप्रदेशनीमच में आरटीओ बैरियर पर बवाल, ट्रक ड्राइवर और पत्नी से मारपीट...

नीमच में आरटीओ बैरियर पर बवाल, ट्रक ड्राइवर और पत्नी से मारपीट के बाद हाइवे पर आगजनी, 4 घंटे बंद रहा एमपी-राजस्थान बॉर्डर

नीमच जिले के नयागांव आरटीओ बैरियर पर सोमवार देर रात चेकिंग के दौरान ट्रक ड्राइवर और उसकी पत्नी के साथ कथित मारपीट के बाद जमकर हंगामा हुआ। घटना से गुस्साए चालकों ने महू-नसीराबाद हाईवे पर चार घंटे तक चक्काजाम कर दिया और आरटीओ नाके में आग लगा दी।

मध्य प्रदेश और राजस्थान की सीमा से सटे नीमच जिले के नयागांव आरटीओ बैरियर पर सोमवार देर रात भारी हंगामा देखने को मिला। चेकिंग के दौरान आरटीओ कर्मचारियों पर एक ट्रक ड्राइवर और उसकी पत्नी के साथ कथित तौर पर मारपीट और अभद्रता करने का गंभीर आरोप लगा है। इस घटना की जानकारी मिलते ही हाईवे पर मौजूद सैकड़ों ट्रक ड्राइवर भड़क गए और उन्होंने नयागांव-महू हाईवे को पूरी तरह जाम कर दिया। विरोध प्रदर्शन इतना उग्र हो गया कि बैरियर पर बने आरटीओ के चेकिंग नाके को आग के हवाले कर दिया गया, जिससे सीमा पर अफरातफरी मच गई।

चार घंटे तक थमी वाहनों की रफ्तार

अचानक हुए इस बवाल के कारण नीमच-महू रोड पर गाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। देखते ही देखते हाईवे के दोनों तरफ वाहनों लंबी कतारें लग गईं और नयागांव से जलिया चेक पोस्ट के आगे तक करीब 4 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। भीषण गर्मी और अव्यवस्था के बीच करीब चार घंटे तक चले इस जाम में दूर-दराज के राज्यों से आ रहीं बसें, प्राइवेट गाड़ियां और एम्बुलेंस तक फंस गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

मारपीट और अवैध वसूली से बढ़ा गुस्सा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बैरियर पर गाड़ियों की नियमित जांच चल रही थी। इसी दौरान आरटीओ कर्मचारियों और एक ट्रक ड्राइवर के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि कर्मचारियों ने ड्राइवर और उसकी पत्नी सोनिया के साथ हाथापाई की। घटना की खबर फैलते ही विभिन्न राज्यों से आ रहे ट्रक ड्राइवर एकजुट हो गए। चालकों ने आरटीओ अमले पर अवैध वसूली और रोज-रोज की मनमानी का गंभीर आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल दिया।

आगजनी के बाद मौके से भागे कर्मचारी

विरोध प्रदर्शन के दौरान माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि चेकिंग नाके से अचानक लपटें उठने लगीं। आग लगते ही बैरियर पर तैनात आरटीओ अधिकारी और कर्मचारी मौके से गायब हो गए। हालांकि, आग किसने और कैसे लगाई, यह फिलहाल पूरी तरह साफ नहीं हो सका है, लेकिन इस घटना ने आरटीओ नाके की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

नयागांव आरटीओ बैरियर पर ट्रक चालक और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की बात सामने आई थी, जिसके बाद चालकों ने जाम लगाया था। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाल ली है। पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। हेमलता अग्रवाल, एएसपी नीमच

पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद खुला जाम

बवाल की सूचना मिलते ही नीमच एसपी और एडीएम समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। प्रशासनिक अधिकारियों ने आक्रोशित ट्रक चालकों को शांत कराया और पीड़ित ड्राइवर व उसकी पत्नी का मेडिकल कराने का आश्वासन दिया। लंबी बातचीत के बाद चालकों ने हाईवे खाली किया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments