Homeभारतमहाराष्ट्रादिल्ली से 1700 किमी दूर किसानों का अलग आंदोलन, दो दिन से...

दिल्ली से 1700 किमी दूर किसानों का अलग आंदोलन, दो दिन से मुंबई-बेंगलुरु हाईवे पर बैठे, महाराष्ट्र-कर्नाटक बॉर्डर ब्लॉक

कोल्हापुर रेंज के स्पेशल इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस रंजन कुमार शर्मा ने बताया कि मुंबई, पुणे और सतारा से कर्नाटक जाने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि अगर हो सके तो वे पुणे-बेंगलुरु नेशनल हाईवे (NH48) पर यात्रा करने से बचें। महाराष्ट्र-कर्नाटक बॉर्डर पर कोग्नोली के पास किसानों ने रास्ता ब्लॉक कर रखा है।

पुणे : महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा पर किसानों के प्रदर्शन के कारण बुधवार को व्यस्त मुंबई-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। पुलिस ने यात्रियों को इस मार्ग से बचने की सलाह दी है और ‘गूगल मैप्स’ से प्रभावित हिस्से को बंद दिखाने का अनुरोध किया है। कोल्हापुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रंजन कुमार शर्मा ने लोगों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी। पुलिस ने ‘गूगल मैप्स’ के अधिकारियों को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि कर्नाटक में महाराष्ट्र सीमा के पास कोगनोली टोल प्लाजा पर जारी प्रदर्शन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 48 के प्रभावित हिस्से को बंद दिखाया जाए।

किसान मंगलवार सुबह से गन्ने की कीमतों, इथेनॉल की दरों और अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इस आंदोलन के कारण महाराष्ट्र के कोल्हापुर और अन्य हिस्सों से कर्नाटक के बेलगावी तथा बेंगलुरु की ओर जाने वाला यातायात प्रभावित हुआ है।

दो दिन से बैठे हैं किसान

जाम का यह दूसरा दिन है और केंद्र सरकार की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। कोग्नोली टोल बूथ के दोनों तरफ ट्रक और कंटेनर जैसे भारी वाहन फंसे हुए हैं। लोगों को सतारा से रहमतपुर, तासगांव, मिरज और गोकक होते हुए बेलगावी जाने का सुझाव दिया गया है। एक और वैकल्पिक रास्ता कराड से अष्टा, सांगली और मिरज होते हुए बेलगावी जाने वाले रास्ते से जुड़ता है, जहां से लोग दक्षिण की ओर जा सकते हैं। हालांकि, महाबलेश्वर, सतारा, सांगली और कोल्हापुर जाने वाले यात्रियों को चिंता करने की जरूरत नहीं है।

पुलिस ने जारी की अडवाइजरी

पुणे रेंज के पुलिस अधीक्षक (राजमार्ग) डॉ. शिवाजी पवार के कार्यालय के अनुसार, बुधवार सुबह भी स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ था। पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि जब तक आवश्यक न हो, वे राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 48 पर यात्रा करने से बचें। प्रदर्शन के कारण यातायात जाम हो गया है और स्थिति सामान्य होने में समय लग सकता है। शर्मा ने कहा कि स्थिति में सुधार होने पर यात्रियों को इसकी जानकारी दी जाएगी।

ट्रैफिक कंट्रोल करने में जुटा फोर्स

अधिकारी ने कहा कि यातायात सामान्य होने पर पुलिस ‘गूगल मैप्स’ को इसकी जानकारी देगी, ताकि सड़क बंद होने से संबंधित सलाह वापस ली जा सके। शर्मा ने कहा कि इन वैकल्पिक मार्गों पर यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिसकर्मियों की मदद से जरूरी इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि यात्रा टालना संभव न हो, तो वे इन मार्गों का इस्तेमाल करें।

मुंबई-बेंगलुरु हाईवे पर क्यों बैठे हैं किसान?

सरकार के साथ बातचीत विफल होने के बाद महाराष्ट्र के स्वाभिमानी शेतकारी संगठन और कर्नाटक के रैयत संघ ने यह जाम लगाया है। महाराष्ट्र संगठन के अध्यक्ष राजू शेट्टी ने कहा कि किसान संगठन सालाना पेराई सीज़न शुरू होने से कुछ दिन पहले चीनी का MSP 50 रुपये प्रति किलोग्राम और इथेनॉल खरीद मूल्य 70 रुपये प्रति लीटर करने की मांग कर रहे हैं। अगर ये मांगें मान ली जाती हैं, तो चीनी मिलें किसानों को उनकी मांग के अनुसार 5,000 रुपये प्रति टन का भुगतान करने में सक्षम हो जाएंगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments