Homeभारतउत्तरप्रदेशग्रेटर नोएडा वेस्ट: 21वीं मंजिल से गिरकर हर्षित लवानिया की मौत, पत्नी...

ग्रेटर नोएडा वेस्ट: 21वीं मंजिल से गिरकर हर्षित लवानिया की मौत, पत्नी से चल रहा था विवाद

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक हाउसिंग सोसाइटी में 21वीं मंजिल की बालकनी से नीचे उतरने के दौरान पैर फिसलने से 31 वर्षीय हर्षित लवानिया की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि हर्षित का अपनी पत्नी से लंबे समय से विवाद चल रहा था और घटना के समय पत्नी फ्लैट पर पहुंची थीं.

ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित बिसरख थाना क्षेत्र की सेंचुरियन पार्क ट्रॉपिकल गार्डन सोसाइटी में 21वीं मंजिल से गिरकर 31 वर्षीय हर्षित लवानिया की मौत हो गई. किराए के फ्लैट में अकेले रहने वाले हर्षित की शादी वर्ष 2024 में हुई थी और पत्नी से विवाद के कारण दोनों पिछले करीब छह महीने से अलग रह रहे थे. घटना के दिन जब पत्नी सुरक्षा कर्मियों के साथ फ्लैट पर पहुंचीं, तो अंदर से दरवाजा न खोलने पर हर्षित बालकनी के रास्ते नीचे उतरने की कोशिश करने लगे, इसी दौरान पैर फिसलने से यह हादसा हो गया.

सुरक्षा कर्मियों को लेकर पहुंची थीं पत्नी

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम हर्षित की पत्नी अचानक उनके फ्लैट पर पहुंचीं और दरवाजा खटखटाया. हर्षित ने दरवाजा नहीं खोला क्योंकि उन्हें आशंका थी कि विवाद हो सकता है. इसके बाद पत्नी सुरक्षा कर्मियों को साथ लेकर आईं और दरवाजा खुलवाने का प्रयास करने लगीं. इसी दौरान हर्षित ने बालकनी से निकलकर नीचे की मंजिल के रास्ते बाहर जाने की कोशिश की, तभी अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.

घटना के तुरंत बाद सोसाइटी के लोग घायल हर्षित को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर हर्षित के पिता अमिताभ लवानिया व अन्य परिजन मौके पर पहुंचे. परिजनों के मुताबिक, पत्नी से चल रहे विवाद के कारण हर्षित मानसिक तनाव में थे. बिसरख कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है.

फिलहाल, पुलिस हर्षित की पत्नी से भी बातचीत कर रही है और सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके. पुलिस का कहना है कि अभी तक इस मामले में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments