Homeभारतमहाराष्ट्रा'उसने मुझे धोखा दिया, उसे मैंने सजा दी', पत्नी की हत्या से...

‘उसने मुझे धोखा दिया, उसे मैंने सजा दी’, पत्नी की हत्या से पहले इंजीनियर पति ने बनाया वीडियो, 4 साल के बेटे के सामने मां का कत्ल

महाराष्ट्र के धाराशिव में पत्नी के चरित्र पर शक ने एक परिवार को तबाह कर दिया. इंजीनियर पति पर आरोप है कि उसने पहले पत्नी के कथित अनैतिक संबंधों को लेकर उसका वीडियो बनाया, फिर खेत में ले जाकर पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी. वारदात के दौरान चार साल का बेटा मौके पर मौजूद था. हत्या के बाद आरोपी ने WhatsApp Status भी लगाया.

महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को हिला दिया. यहां गणेश शिवाजी टेकाले पर अपनी पत्नी कोमल टेकाले की पत्थर से कुचलकर हत्या करने का आरोप है. सबसे दर्दनाक बात यह रही कि जिस वक्त मां पर जानलेवा हमला हुआ, उस दौरान उनका करीब चार साल का मासूम बेटा भी वहीं मौजूद था.

पुलिस के मुताबिक, गणेश अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था. इसी संदेह को लेकर उसने कोमल का मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड किया. इस वीडियो में कथित अनैतिक संबंधों को लेकर उससे कबूलनामा कराए जाने की जानकारी सामने आई है. बताया जा रहा है कि यह रिकॉर्डिंग रिश्तेदारों और कुछ अन्य लोगों को भी भेजी गई थी. इसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद और ज्यादा बढ़ गया.

दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच दोनों के बीच जोरदार झगड़ा हुआ. कुछ घंटे बाद शाम करीब 6 बजे गणेश पत्नी को बाइक पर बैठाकर कलंब-येरमाला मार्ग पर हासेगांव (केज) इलाके की तरफ निकल गया. वह कोमल को ज्वारी के खेत में ले गया. पुलिस के अनुसार, इसी सुनसान जगह पर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ और देखते ही देखते मामला हिंसा में बदल गया.

पहले शक, फिर खेत में खूनी वारदात

आरोप है कि गणेश ने कोमल के साथ मारपीट की और बाद में पत्थर से हमला कर उसकी जान ले ली. वारदात के दौरान उनका चार साल का बेटा भी मौके पर था. मासूम की आंखों के सामने उसकी मां की हत्या कर दी गई. घटना के बाद इसी बच्चे ने पुलिस को उस जगह तक पहुंचाया, जहां उसकी मां का शव पड़ा था.

मामले में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है. आरोप है कि हत्या के दौरान मोबाइल से वीडियो भी बनाया गया. यानी पत्नी की हत्या से पहले उसके कथित संबंधों को लेकर रिकॉर्डिंग और वारदात के दौरान की गई रिकॉर्डिंग, दोनों अब पुलिस की जांच के दायरे में हैं. इन डिजिटल साक्ष्यों से घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने की कोशिश की जा रही है.

हत्या के बाद गणेश ने WhatsApp Status लगाया. इसमें लिखा था, ‘उसने मुझे धोखा दिया, उसे मैंने सजा दी है.’ इस Status ने वारदात को लेकर इलाके में सनसनी और बढ़ा दी. पुलिस अब मोबाइल में मौजूद वीडियो, WhatsApp Status और दूसरे डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि हत्या से पहले और बाद की पूरी कहानी स्पष्ट हो सके.

पुलिस के अनुसार, गणेश टेकाले इंजीनियर है, लेकिन फिलहाल बेरोजगार था. वह पुनर्वसन सावरगांव में रहता था. उसके पिछले कुछ दिनों से नशे की गिरफ्त में होने की जानकारी भी सामने आई है. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि क्या नशे की स्थिति ने विवाद और हिंसा को बढ़ाने में कोई भूमिका निभाई थी.

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जरूरी कार्रवाई करते हुए पंचनामा किया. फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से संभावित साक्ष्य जुटाए.

फिलहाल पुलिस की टीमें गणेश टेकाळे की तलाश में जुटी हैं. पत्नी के चरित्र को लेकर शुरू हुआ शक, कथित कबूलनामे की रिकॉर्डिंग, खेत में हुई हत्या, मासूम बेटे की मौजूदगी और उसके बाद लगाया गया WhatsApp Status इस मामले को बेहद गंभीर बना रहे हैं. पुलिस अब इन सभी कड़ियों को जोड़कर वारदात की पूरी तस्वीर सामने लाने में जुटी है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments