ग्वालियर में बीच सड़क पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी और एक युवक के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 1000 बिस्तर अस्पताल के बाहर ऑटो चालक से विवाद के बाद मामला इतना बढ़ा कि ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक आरक्षक भी इसकी चपेट में आ गए। पुलिस युवक को थाने ले गई, जहां उसने माफी मांगी।
हाइलाइट्स
ट्रैफिक पुलिसकर्मी और नशेड़ी के बीच जमकर मारपीट का वीडियो वायरल हुआ
ऑटो चालक से पैसों को लेकर बहस के बाद ट्रैफिक आरक्षक से भिड़ा युवक
थाने में युवक ने मांगी माफी, पुलिस अधिकारियों ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही
ग्वालियर: सड़क पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी और एक युवक के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। घटना कंपू थाना क्षेत्र में 1000 बिस्तर अस्पताल के बाहर की बताई जा रही है। यहां ट्रैफिक आरक्षक सतीश खरे ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान ऑटो से पहुंचे एक युवक का चालक से पैसों को लेकर विवाद हो गया।
बताया गया कि युवक ऑटो से उतरकर चालक से बहस करने लगा। सड़क पर विवाद बढ़ता देख ड्यूटी पर मौजूद आरक्षक सतीश खरे ने बीच में पहुंचकर युवक को समझाने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान युवक आरक्षक से ही उलझ गया और दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।
लोगों ने बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर वायरल
सड़क पर पुलिसकर्मी और युवक के बीच विवाद होता देखकर वहां मौजूद लोगों ने मोबाइल से वीडियो बना लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। घटनाक्रम के दौरान आरक्षक ने अपना बचाव किया और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ थाने ले गई। हालांकि, वायरल वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम के हर पहलू की पुष्टि होना जरूरी है।
थाने में युवक ने मांगी माफी
पुलिस युवक को थाने लेकर पहुंची, जहां उसे समझाइश दी गई। जानकारी के मुताबिक, युवक ने अपनी हरकत के लिए माफी मांगी और भविष्य में इस तरह का व्यवहार नहीं करने की बात कही।
फिलहाल पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी

