गाजियाबाद के लाजपत नगर में दशहरा पर दहन के लिए रावण का पुतला तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान विस्फोट हो गया। निर्माण स्थल पर मौजूद सामग्री की जांच की जा रही है।
गाजियाबाद: साहिबाबाद के लाजपत नगर स्थित शनि चौक पर सोमवार सुबह रावण का पुतला तैयार करने के दौरान अचानक धमाका हो गया। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां से दो की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, लाजपत नगर में शनि चौक के पास दशहरा पर दहन के लिए रावण का पुतला तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान पुतला निर्माण स्थल पर मौजूद सामग्री में अचानक तेज विस्फोट हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि निर्माण स्थल की दीवार तक ढह गई और आसपास के लोग सहम गए। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को मलबे से निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाने में मदद की। हादसे की जानकारी मिलते ही साहिबाबाद पुलिस के साथ अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची।
विस्फोट की वजह साफ नहीं
विस्फोट के बाद पुलिस ने घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर वहां मौजूद सामग्री की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विस्फोट किस सामग्री में हुआ और वहां उसे किस उद्देश्य से रखा गया था। आसपास मौजूद लोगों से भी घटना के बारे में जानकारी ली जा रही है। फिलहाल विस्फोट की वजह सामने नहीं आई है।
क्या बोले एसीपी साहिबाबाद
एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि लाजपत नगर में रावण का पुतला तैयार करने के दौरान धमाका हुआ है। हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो को सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है। घटनास्थल पर मौजूद सामग्री की जांच कराई जा रही है।

