काजोल की बहन और अजय देवगन की साली तनीषा मुखर्जी के घर की बिजली काट दी गई है। मामला लोनावला में एक्ट्रेस के पुश्तैनी घर का है। तनीषा ने इसके बाद सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और गृह मंत्री अमित शाह से मदद मांगी है। बिजली बोर्ड को ‘माफिया’ भी बताया है।
काजोल की बहन, एक्ट्रेस और ‘बिग बॉस 7’ फेम तनीषा मुखर्जी का महाराष्ट्र राज्य बिजली बोर्ड (MSEB) पर गुस्सा फूटा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारी बिजली बिल के कारण लोनावला में उनके पुश्तैनी घर की बिजली काट दी गई। एक्ट्रेस ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मामले में दखल देने की अपील की है। यही नहीं, अजय देवगन की साली ने यहां तक कहा है कि लोनावला का बिजली विभाग ‘माफिया’ की तरह काम कर रहा है।
दिग्गज एक्ट्रेस तनुजा की बेटी तनीषा की पुणे के लोनावला में एक विंटेज-स्टाइल पुश्तैनी प्रॉपर्टी है। वह अक्सर खास मौकों और छुट्टियों पर पूरे परिवार के साथ वहां जाती हैं। मंगलवार को 48 साल की एक्ट्रेस ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट X पर महाराष्ट्र राज्य बिजली बोर्ड की आलोचना की है।
तनीषा ने कहा- लोनावला बिजली बोर्ड माफिया की तरह व्यवहार कर रहा
तनीषा ने अपनी पोस्ट में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को टैग करते हुए लिखा है, ‘लोनावला में महाराष्ट्र राज्य बिजली बोर्ड माफिया की तरह व्यवहार कर रहा है! वे भारी बिल भेज रहे हैं और बिजली काटकर पेमेंट करने के लिए मजबूर कर रहे हैं। यह तो अपराध है! शनिवार शाम को बिजली काटने आना, जबकि अभी ड्यू डेट भी नहीं आई है। उन्होंने लोगों को बंधक जैसा महसूस करवाया है।’
तनीषा ने कहा- लोनावला आइए और मनमानी देखिए
अपने पोस्ट के आखिर में तनीषा ने मुख्यमंत्री फडणवीस, गृह मंत्री अमित शाह के साथ ही योगी आदित्यनाथ और टाटा पावर को भी टैग किया। लिखा, ‘प्लीज लोनावला आइए! यहां कोई नियम-कानून नहीं है। वे बस अपनी मनमानी कर रहे हैं!’
यूजर ने पूछा- बिजली बिल क्यों नहीं भरा, मिला करारा जवाब
तनीषा के इस पोस्ट पर यूजर्स के भी कमेंट आ रहे हैं। एक ने पूछा कि वह ड्यू डेट से पहले बकाया रकम चुकाने का इंतजार क्यों कर रही हैं। जवाब में तनीषा ने कहा, ‘कोई भी आखिरी तारीख का इंतजार नहीं कर रहा है। लेकिन ड्यू डेट से पहले बिजली काटना और ऐसे बिल का पेमेंट करने के लिए जोर देना जो वेरिफाइड नहीं है, गैर-कानूनी है!’ आगे एक अन्य यूजर ने तनीषा से हमदर्दी जताई और कहा कि उन्हें भी ऐसी ही स्थिति का सामना करना पड़ा था। इस पर तनीषा ने जवाब दिया, ‘प्लीज सही लोगों को टैग करें, ताकि हम बदलाव ला सकें! कोई मोनोपॉली नहीं! कोई दादागिरी नहीं!’
तनीषा को विरासत में दादी और दिग्गज एक्ट्रेस शोभना समर्थ ने दिया घर
तनीषा मुखर्जी ने कुछ समय पहले ही एक वीडियो में अपनी दादी के पुश्तैनी लोनावला घर का टूर कराया था। इसे खूबसूरती से एक हेरिटेज होमस्टे में बदल दिया गया है। इसका नाम ‘फ्रैंजुपानी हाउस’ है। उन्होंने 6 जून को इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए घर की झलक दिखाई और कैप्शन में लिखा, ‘फ्रैंगीपानी हाउस – मेरी मशहूर सुपरस्टार दादी शोभना समर्थ का घर। इस शानदार घर की हर दीवार और हर कोने की अपनी एक कहानी है।’
तनीषा ने खुद से डिजाइन किया घर, ठीक वैसा जैसा दादी चाहती थीं
तनीषा ने वीडियो में यह भी बताया कि उन्होंने ही इस जगह को रेनोवेट और रीडिजाइन किया है। ठीक वैसा ही, जैसा दादी चाहती थीं। एक्ट्रेस ने कहा, ‘मैं इसे बहुत ज्यादा बदलना नहीं चाहती थी। मैं उनके लगाए किसी भी पेड़ को काटना नहीं चाहती थी। मेरा और मेरी मां का पूरा बचपन इसी घर में बीता है और हमने इसे बहुत असली और ओरिजिनल बनाए रखा है।’
तनीषा मुखर्जी का एक्टिंग करियर
तनीषा ने साल 2003 में करण नाथ और डिनो मोरिया के साथ फिल्म ‘Sssshhh’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही। इसके बाद उन्होंने ‘सरकार’, ‘नील ‘एन’ निक्की’ और तमिल हिट फिल्म ‘उन्नाले उन्नाले’ में काम किया। साल 2013 में वह ‘बिग बॉस 7’ में कंटेस्टेंट बनकर पहुंचीं और फर्स्ट रनर-अप रहीं। इसी शो में अरमान कोहली के साथ उनके रिश्ते ने खूब सुर्खियां बटोरीं। बाद तनीषा ने ‘फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी 7’ (2016) और ‘झलक दिखला जा 11’ में भी हिस्सा लिया। तनीषा को आखिरी बार 2024 में फिल्म ‘लव यू शंकर’ में बड़े पर्दे पर देखा गया था।

