लक्ष्मी नगर में रविवार रात तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पीछे बैठे 48 वर्षीय शिवकुमार की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे चंदन गुप्ता गंभीर रूप से घायल हुए। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में रविवार रात बर्थडे पार्टी से लौट रहे दो दोस्तों की बाइक को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठे शिवकुमार (48) डंपर के नीचे आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहे चंदन गुप्ता गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद ड्राइवर डंपर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, शिवकुमार गढ़वाली मोहल्ला, लक्ष्मी नगर में रहते थे। परिवार में पत्नी ऊषा, दो बेटियां और एक बेटा है।
एक बेटा और बेटी जुड़वा हैं। गणेश नगर में उनकी बिजली की शॉप थी।
रविवार को वह दुकान पर ही थे। दुकान के पास उनके एक दोस्त की बर्थडे पार्टी थी।
पार्टी खत्म होने के बाद गणेश नगर के चंदन गुप्ता बाइक से शिवकुमार को घर छोड़ने निकले।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर एसडीएम ऑफिस के सामने डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी।
शिवकुमार सड़क पर गिरकर डंपर के नीचे आ गए, जबकि चंदन भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
डॉक्टरों ने शिवकुमार को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बाइक और डंपर कब्जे में ले लिए हैं।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
डरते थे टूवीलर पर बैठने से
शिवकुमार के बड़े भाई अमित कुमार ने बताया कि 2023 में भी उनका भाई सड़क हादसे में घायल हुआ था। ठीक होने के बाद उन्होंने बाइक या स्कूटी चलाना छोड़ दिया था और दोपहिया पर बैठने से भी डरते थे। रविवार को भी उन्होंने मना किया था।

