लखनऊ: बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने ईशान आनंद को पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी सौंप दी है। ईशान आनंद को बीएसपी ने राष्ट्रीय संयोजक बनाया है। हालांकि ईशान अभी राज्यों में नहीं पार्टी का कामकाज ही देखेंगे। इसके लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता राजाराम और रामजी गौतम से ईशान पार्टी का कामकाज सिखेंगे। इसके लिए मायावती ने वरिष्ठ नेताओं की जिम्मेदारी तय कर दी है।
यूपी में 2027 चुनाव को लेकर बसपा की अहम बैठक आज लखनऊ में आयोजित की गई। बैठक से पहले ईशान मायावती के पैर छूकर आर्शीर्वाद लेते दिखे। इसके बाद से ही ईशान को नई जिम्मेदारी मिलने का दावा किया जा रहा था। आखिकार मायावती ने ईशान को नई जिम्मेदारी देने की घोषणा करते हुए ईशान को राष्ट्रीय संयोजक बनाने का ऐलान कर दिया है।
ईशान आनंद मायावती के छोटे भतीजे हैं। ईशान आनंद बसपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार के छोटे बेटे और आकाश आनंद के छोटे भाई हैं। बड़े भाई आकाश आनंद को पार्टी से हटाए जाने के बाद अब यह जिम्मेदारी ईशान आनंद को दी गई है। ईशान से पहले उनके बड़े भाई आकाश आनंद के पास ये जिम्मेदारी थी, मायावती ने अपने बड़े भतीजे आकाश को 2019 में बसपा का राष्ट्रीय समन्वयक बनाया था।
मई 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान उन्हें इस पद से हटाया गया था, लेकिन जून 2024 में उनकी वापसी हो गई। इसके बाद मई 2025 में उन्हें मुख्य राष्ट्रीय समन्वयक (चीफ नेशनल कोऑर्डिनेटर) बनाया गया। सितंबर 2026 में मायावती ने आकाश को फिर से पद से हटा दिया और बाद में पार्टी से अलग कर दिया गया।
आकाश आनंद की जगह उनके पिता आनंद कुमार और साथ में रामजी गौतम को मायावती ने राष्ट्रीय समन्वयक नियुक्त किया था। लेकिन अब ईशान आनंद पर भरोसा जताया गया है। ईशान आनंद को राष्ट्रीय समन्वयक बनाया गया है, लेकिन उन्हें पार्टी के दो सीनियर नेता राजाराम और रामजी गौतम से सीखने को कहा है। साफ है कि ईशान को अभी पूरी छूट नहीं रहेगी।

