मध्यप्रदेश के मंदसौर में यातायात टीआई ने ड्राइवर और दुकानदार को थप्पड़ मारे थे। इसका वीडियो वायरल हो रहा है। घटना को लेकर टीआई मनोज सोलंकी से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि हम साहब से पूछकर बात करेंगे।
हाइलाइट्स
मंदसौर में ट्रैफिक टीआई का वीडियो वायरल
ट्रैफिक टीआई ने दुकानदार और ड्राइवर को पीटा
सवाल पूछने पर भी दिखाई अकड़, कहा- साहब से पूछकर बात करूंगा
मंदसौर एसपी ने मामले को लेकर बिठाई है जांच
मंदसौर: शहर के वीर सावरकर पुलिया इलाके में मंगलवार को एक सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में यातायात थाना प्रभारी मनोज सोलंकी बीच बाजार एक गाड़ी चालक और दुकान के कर्मचारी के साथ मारपीट करते साफ दिखाई दे रहे हैं। घटना 11 सितंबर की सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। 15 सितंबर को वीडियो सामने आने के बाद पीड़ित पक्ष ने टीआई पर गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगाया है, जबकि मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
नो पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, 11 सितंबर की सुबह एक पिकअप वाहन वीर सावरकर पुलिया के पास स्थित एक दुकान के बाहर रुका था। आंतरीमाता गांव का रहने वाला पिकअप चालक यहां अंडे खरीदने आया था। इसी दौरान ट्रैफिक थाना प्रभारी मनोज सोलंकी वहां से गुजरे। सड़क पर गाड़ी खड़ी होने की बात को लेकर टीआई सोलंकी और पिकअप चालक के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि थाना प्रभारी ने आपा खो दिया और चालक को थप्पड़ जड़ दिए।
दुकान मालिक ने लगाए गंभीर आरोप
दुकान मालिक आमिर पठान का कहना है कि ग्राहक अपनी गाड़ी खड़ी करके सामान ले रहा था। टीआई मनोज सोलंकी वहां पहुंचे और सीधे गाली-गलौज करने लगे। जब विरोध किया गया तो उन्होंने ड्राइवर को थप्पड़ मार दिए। आमिर का आरोप है कि जब दुकान के कर्मचारी रेहान ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो टीआई ने उसका हाथ मरोड़ दिया और पीठ पर घूंसा मार दिया।
इसके साथ ही पीड़ित ने कहा कि अगर हमने नियम का उल्लंघन किया है तो उन्हें चालान काटना चाहिए। न कि मारपीट करनी चाहिए थी।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ यह वीडियो दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे का है। फुटेज में ट्रैफिक टीआई पिकअप चालक से उलझते और फिर उसे थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं। वीडियो में यह भी दिखता है कि जब पिकअप वाहन वहां से चला जाता है, तब भी टीआई सोलंकी गुस्से में दोबारा दुकान की तरफ बढ़ते हैं। घटना के समय मौके पर काफी लोग मौजूद थे, जो पुलिस अधिकारी के इस रवैये को चुपचाप देखते रहे।
तेवर नहीं पड़े नरम
वहीं, थप्पड़ मारने वाले टीआई मनोज सोलंकी से मीडिया ने जब सवाल किया तो वह अकड़ने लगे। साथ ही कहा कि साहब से पूछकर बात करूंगा। इसके बाद वह गाड़ी से निकल गए।
एसपी ने बैठाई जांच
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में भी खलबली मच गई है। मामले पर मंदसौर एसपी विनोद कुमार मीना ने कहा कि यह वीडियो उनके संज्ञान में आया है। पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

