दिल्ली पुलिस ने अलीगढ़ के तालसपुर गांव में प्रधान के घर पर छापा मारा। पुलिस ने वहां से सात तमंचे और बीस जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। यह कार्रवाई एक वारदात में शामिल युवक के खुलासे के बाद की गई।
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में एक प्रधान के घर दिल्ली पुलिस ने अवैध हथियारों की बड़ी खेप पकड़ी है। गांव तालसपुर की प्रधान के पति गुफरान मेवाती के घर दिल्ली पुलिस ने छापा मारा। पुलिस ने प्रधान के घर से 7 तमंचे और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। ग्राम प्रधान के परिवार ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए बरामदगी को गलत बताया है और इसकी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। दिल्ली पुलिस की छापेमारी का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें दिल्ली के पुलिस कर्मी प्रधान के घर से हथियार बरामद करते हुए दिख रहे हैं।
गुफरान मेवाती के घर पर छापा
बताया जाता है कि थाना रोरावर इलाके के गांव तालासपुर में प्रधान के पति गुफरान मेवाती के घर पर दिल्ली पुलिस की एक टीम ने गुरुवार को आधी रात में छापा मारा। पुलिस ने ग्राम प्रधान के घर से करीब 7 तमंचे और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए। दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई का ग्राम प्रधान के परिवार के लोगों ने विरोध किया। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।
ग्राम प्रधान के घर से हथियार की खरीदी
बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस ने कुछ समय पहले एक मामले में संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया था। दिल्ली पुलिस ने उससे पूछताछ की। युवक ने खुलासा किया था कि उसने वारदात में जिस अवैध हथियार इस्तेमाल किया था वह उसे अलीगढ़ जिले के तालसपुर गांव से ग्राम प्रधान के घर से खरीदकर लाया था। इसी बयान और पुख्ता सूचना के आधार पर दिल्ली पुलिस ने रोरावर थाना क्षेत्र में स्थित ग्राम प्रधान के घर पर दबिश दी।
आधी रात में सीढ़ी से छत पर पहुंची पुलिस
ग्राम प्रधान परिवार के एक सदस्य इरफान ने आरोप लगाया कि गुरुवार को आधी रात में अचानक दिल्ली पुलिस की टीम घर पर पहुंची। परिवार को दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई की पहले से कोई जानकारी नहीं थी। इरफान के मुताबिक पुलिसकर्मी सीढ़ी लगाकर घर की छत पर पहुंचे। उनका कहना है कि छत पर आम तौर पर किसी का आना-जाना नहीं होता।
इस कार्रवाई को लेकर थाना रोरावर के प्रभारी रवि चंद्रपाल ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने किसी घटना के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया था। दिल्ली पुलिस को आरोपी ने हथियार की खरीदी के बारे में जानकारी दी थी। इसी आधार पर दिल्ली पुलिस ने छापा मारा और प्रधान के घर से 7 तमंचे, 20 कारतूस बरामद किए हैं।

