Homeभारतउत्तरप्रदेशगाजियाबाद में 'लव जिहाद' के आरोप में युवक की पिटाई, वीडियो सामने...

गाजियाबाद में ‘लव जिहाद’ के आरोप में युवक की पिटाई, वीडियो सामने आने पर पुलिस ने 2 आरोपियों को हिरासत में लिया

गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में एक युवक की पिटाई का वीडियो सामने आया है। वीडियो को ‘लव जिहाद’ के आरोप से जोड़कर पोस्ट किया गया है। पुलिस ने इस मामले में 2 युवकों को हिरासत में लिया।

गाजियाबाद: खोड़ा थाना क्षेत्र में एक युवक की पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। वीडियो को ‘लव जिहाद’ के आरोप से जोड़कर पोस्ट किया गया है। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए उसमें दिखाई दे रहे कृष्णा और ऋषि को हिरासत में लिया है।

कमरे के अंदर युवकों ने की पिटाई

वायरल वीडियो की शुरुआत में एक युवक पीड़ित के बाल खींचकर उसे लगातार थप्पड़ मारता दिखाई दे रहा है। इस दौरान वह युवक को गालियां भी दे रहा है। इसके बाद वीडियो में कमरे के अंदर की तस्वीर सामने आती है, जहां दो युवक पीड़ित के हाथ-पैर पकड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान दो अन्य युवक उस पर बेरहमी से डंडे बरसाते नजर आ रहे हैं। इसी वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया, जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि 1 सितंबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें दावा किया गया कि खोड़ा थाना क्षेत्र के रहने वाले कृष्णा ठाकुर द्वारा एक अन्य लड़के के साथ मारपीट की जा रही है। पुलिस ने वीडियो का तत्काल संज्ञान में लेते हुए वीडियो में दिख रहे कृष्णा और ऋषि को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही

एसीपी मौर्य के अनुसार इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो में ‘KRISHNATHAKUR708_’ लिखा हुआ था। इसी आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

राजेंद्र नगर में हिंदू युवक की हुई थी पिटाई

कुछ दिन पहले साहिबाबाद के राजेंद्र नगर से भी मारपीट का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें कुछ मुस्लिम युवक एक हिंदू लड़के की इस बात पर पिटाई करते दिखाई दिए थे कि वह हिजाब पहने अपनी मुस्लिम दोस्त के साथ घूम रहा था। वीडियो में युवक हिजाब पहने खड़ी लड़की को भी गालियां देते हुए हड़का रहे थे। उस मामले में अभी तक आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments