नोएडा के सेक्टर 18 और बॉटिनिकल गार्डन के पास दो नए स्ट्रीट मार्केट विकसित किए जाएंगे। यहां 100 से ज्यादा वाहनों के पार्क करने की व्यवस्था होगी।
नोएडा: दिल्ली से सटे नोएडा शहर में शॉपिंग और खान‑पान प्रेमियों के लिए जल्द ही दो नए स्ट्रीट‑मार्केट खुलने वाले हैं। बॉटेनिकल गार्डन और जीआईपी मॉल के बीच स्थित कियॉस्क्स का संचालन शुरू करने की तैयारी चल रही है। इसी तरह सेक्टर‑18 में भी एक स्ट्रीट‑मार्केट बनाए जाने की योजना है।
इन दोनों स्थानों पर कुल मिलाकर 34 कियोस्क लगाए जाएंगे। बॉटेनिकल गार्डन और जीआईपी मॉल के बीच 19 कियोस्क और सेक्टर‑18 में 15 कियोस्क होंगे। इनका संचालन शुरू होने के बाद लोग खुले माहौल में खाना‑पीना और खरीदारी करने के नए स्थान का लाभ उठा सकेंगे।
17 सितंबर तक मांगे आवेदन
नोएडा प्राधिकरण ने कियोस्क चलाने के लिए कंपनियों से आवेदन मांगे है। इच्छुक फर्में 17 सितंबर तक आवेदन जमा कर सकती हैं। उसके बाद तय नियमों के अनुपालन के आधार पर कियोस्क आवंटित किए जाएंगे। नोएडा प्राधिकरण का उद्देश्य कम परिचालन लागत के साथ अधिक राजस्व देने वाली कंपनियों को प्राथमिकता देना है। ताकि प्राधिकरण की आय बढ़े और जनता को बेहतर स्ट्रीट‑मार्केट की सुविधा मिल सके।
पहले भी निकल चुका है टेंडर
नोएडा प्राधिकरण पहले भी कियोस्क चलाने के लिए तीन बार टेंडर निकाल चुका है, लेकिन नियमों के अनुरूप पर्याप्त आवेदन न मिलने की वजह से काम आगे नहीं बढ़ पाया। अब फिर से कंपनियों से आवेदन मंगाए गए हैं। नोएडा प्राधिकरण उम्मीद कर रहा है कि इस बार प्रक्रिया पूरी होने पर लंबे समय से तैयार पड़े कियोस्क जनता के लिए खोल दिए जाएंगे।
इंदौर की तर्ज पर विकसित होंगे मार्केट
कियोस्क को इंदौर के 56 मार्केट की तरह विकसित करने की योजना है। इन स्ट्रीट‑मार्केट में मुख्यतः खान‑पान की दुकानें होंगी और विभिन्न व्यंजनों के विकल्प उपलब्ध कराए जाएँगे। लोगों के बैठने और घूमने के लिए बेहतर वातावरण तैयार किया जा रहा है। मार्केट खुलने के बाद यह शाम के समय युवाओं और परिवारों दोनों के लिए घूमने और खाने का नया स्थल बन सकता है।
100 से अधिक वाहनों के लिए बनेगी पार्किंग
यहां 100 से अधिक वाहनों के लिए सतह पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी, जिससे आगंतुकों को सड़क पर गाड़ियां खड़ी करने की परेशानी नहीं होगी। इस परियोजना पर कुल मिलाकर करीब 2.23 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। कियोस्क चलाने की प्रक्रिया पूरी होने पर, लंबे इंतजार के बाद दोनों स्ट्रीट‑मार्केट जनता के लिए खुलने की उम्मीद है।

