सुल्तानपुर में मरीज की जान बचाने जा रहे डॉक्टर की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा रात करीब 11:30 बजे अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर हुआ। हादसे में दो साथी डॉक्टर भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
सुल्तानपुर: अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर सोमवार देर रात करीब 11:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में जिले के जाने-माने डॉक्टर की जान चली गई, जबकि उनके दो साथी डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कोतवाली देहात थाना क्षेत्र स्थित दरियापुर रेलवे ओवरब्रिज के पास हुआ, जहां एक मरीज का इमरजेंसी ऑपरेशन करने जा रहे डॉक्टरों की तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गई।
इमरजेंसी कॉल पर जा रहे थे अस्पताल
जानकारी के मुताबिक, तीनों डॉक्टर अमहट स्थित एक निजी नर्सिंग होम में मरीज का ऑपरेशन करने के बाद दरियापुर स्थित एक निजी अस्पताल की तरफ जा रहे थे। वहां एक अन्य मरीज की हालत बेहद गंभीर थी और उसका तत्काल ऑपरेशन किया जाना था। मरीज की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टर जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचना चाहते थे। इसी दौरान ओवरब्रिज पर आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश में कार से नियंत्रण छूट गया और गाड़ी पुल की लोहे की रेलिंग को तोड़ती हुई टकरा गई।
घटनास्थल पर ही तोड़ा दम
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार चला रहे गभड़िया (मूल निवासी लोहरामऊ) के रहने वाले 34 वर्षीय डॉ. अख्तर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार सर्जन डॉ. शैलेंद्र जायसवाल (निवासी दरियापुर) और डॉ. राशिद (निवासी हरखपुर, कुड़वार) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद डॉ. राशिद की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। नगर कोतवाल इंस्पेक्टर सूर्य नारायण मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

